सात दिनों में 32 हजार क्विंटल हुई धान खरीद
खटीमा में कच्चा आढ़ती तौल केंद्र में फसल बेचने के लिए किसानों की संख्या बढ़ती जा रही है।
संवाद सहयोगी, खटीमा : कच्चा आढ़ती तौल केंद्र में फसल बेचने के लिए किसानों की संख्या बढ़ती जा रही है। सात दिनों में 32 हजार क्विंटल धान की खरीद हो चुकी है।
बता दें कि सीमांत में धान की अधिक से अधिक तौल सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से सरकार ने विभिन्न गांवों में 57 धान क्रय केंद्र स्थापित किए है। इसके अलावा मंडी समिति परिसर में कच्चा आढ़तियों के माध्यम से भी तौल की जा रही है। गुरुवार को मंडी समिति परिसर में सुबह से किसानों की कच्चा आढ़ती तौल के लिए धान से लदी ट्रैक्टर-ट्रालियों का आना शुरु हो गया। देखते ही देखते परिसर एवं मुख्य रोड पर ट्रालियों की लंबी लाइनें लग गई। मंडी निरीक्षक राजेंद्र चंद ने बताया कि सात दिनों के भीतर 32 हजार क्विंटल धान क्रय किया जा चुका है। वहीं एडीओ सहकारिता गौरव शर्मा ने बताया कि 57 धान क्रय केंद्रों पर पूरी तरह से तौल शुरु हो गई है। इधर, भारतीय किसान यूनियन के ब्लाक अध्यक्ष गुरुसेवक सिंह ने किसानों से अपील की है कि वह धान की सूखी फसल को क्रय केंद्रों पर ही बेचने का प्रयास करें। ताकि उन्हें असुविधा का सामना ना करना पड़े।