नोटिस के विरोध में व्यापारी उतरे सड़कों पर
जागरण संवाददाता, सितारगंज: अतिक्रमण के लिए पीडब्लूडी की जारी हुई नोटिस से व्यापारियों म
जागरण संवाददाता, सितारगंज: अतिक्रमण के लिए पीडब्लूडी की जारी हुई नोटिस से व्यापारियों में हड़कंप मच गया है। सड़क पर उतर कर व्यापारियों ने जुलूस निकाल कर विरोध प्रदर्शन किया। कहा कि व्यापारियों को विश्वास में लिए बिना उजाड़ने की योजना पीडब्लूडी ने बनाई है। इस मुद्दे को लेकर पालिकाध्यक्ष ने विधायक पर जमकर हमला बोला। उन्होंने समस्या का समाधान करने के लिए पीडब्लूडी को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है।
नोटिस जारी होने के बाद परेशान व्यापारी नगरपालिका अध्यक्ष हरीश दुबे से मिले। इसके बाद पुरानी तहसील से जुलूस निकल कर विरोध जताया। प्रमुख मार्गो पर घूमने के बाद प्रदर्शनकारी व्यापारी पुरानी तहसील पहुंचे जहां उन्होंने सभा की। पालिकाध्यक्ष हरीश दुबे ने कहा कि सुंदरीकरण के नाम पर विधायक व्यापारियों को उजाड़ कर बर्बाद करने की योजना बनाई है। जिसे सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पीडब्लूडी 16 दिसबंर तक समस्या का समाधान नहीं करता तो 17 दिसबंर से जनआंदोलन शुरू हो जाएगा। सभासद रवि रस्तोगी, व्यापारी नेता राजीव गुप्ता, अश्वनी दीक्षित, सुरेन्द्र तनेजा, हरीश भट्ट, शंकर दत्त जोशी, राजेश मित्तल, मनोज जोशी, अकरम बेग, पंकज रावत, जिलानी अंसारी, जहूर इस्लाम, राजू हरियाणवी, नरेन्द्र सिंह आदि मौजूद थे। ========== हम है व्यापारियों के साथ: विधायक
सितारगंज: विधायक सौरभ बहुगुणा ने कहा कि वह व्यापारियों के साथ है। उन्होंने पालिकाध्यक्ष के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि पालिकाध्यक्ष द्वेष पूर्ण तरीके से काम कर रहे है। विधायक निधि से हो रहे कार्यों को रोकने का काम कर रहे है। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के बाद शहर में लगी लाइटों का बिल देने से पालिकाध्यक्ष मना कर रहे है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव जीतने के बाद से पालिकाध्यक्ष भाजपा प्रत्याशी के समर्थकों का उत्पीड़न करने में लगे हुए है।