शादी से किया इन्कार तो लगा ली फांसी
सगाई तय होने के बाद शादी का दिन तय हुआ और दोनों की नजदीकिया बढ़ गई। मंगेतर ने इन्कार किया तो फांसी लगा ली। हालांकि बचा लिया गया।
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर : सगाई तय होने के बाद शादी का दिन तय हुआ और दोनों की नजदीकियां भी बढ़नी लगी। अचानक मंगेतर के परिवार द्वारा शादी से मना किया तो युवक उसे दिल से लगा बैठा और फांसी लगा आत्महत्या का प्रयास किया। सही समय पर मां की नजर पड़ जाने पर उसको गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
आजादनगर ट्रांजिट कैंप निवासी राजेंद्र पुत्र मैकूलाल का एक वर्ष पूर्व विवाह तय हो गया था। वह रंगाई पुताई का काम करता है। शादी तय होने के बाद उसकी अपनी मंगेतर के साथ नजदीकियां बढ़ती चली गई और दोनों एक-दूसरे का होने के लिए समय का इंतजार करने लगे। इसी दौरान नवंबर में मंगेतर के शादी से इन्कार कर देने के बाद से ही राजेंद्र तनाव में रहने लगा था। काफी प्रयास के बाद भी जब मंगेतर के साथ ही उसके परिजन शादी के लिए राजी न हुए तो उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। बुधवार सुबह उसने अपनी मां से मूंगफली खाने की इच्छा जताई तो मां उसके मंसूबे को नहीं पढ़ पाई और अपने बेटे की इच्छा पूरी करने के लिए मूंगफली लेने चली गई। इसी दौरान राजेंद्र ने कमरे में फांसी लगाने की तैयारी कर ली। जब उसकी मां लौटी, राजेंद्र फांसी पर लटका तड़फ रहा था। मां के चिल्लाने पर आस पड़ोस के लोगों ने वहां पहुंच उसको नीचे उतार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया।