विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सितारगंज के नकाहा में बाढ़ जैसे हालात, महिलाओं-बच्चों समेत 40 ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाला

Published: Tue, 01 Sep 2026 11:55 PM (GMT+05:30)

सितारगंज के नकाहा गांव में भारी बारिश से तीन-चार फीट पानी भर गया, जिससे करीब 40 ग्रामीण बाढ़ जैसी स्थिति में फंस गए।

News Article Hero Image

जागरण सवाददाता, सितारगंज। लगातार बारिश के चलते ग्राम नकाहा, नया गांव और बैगुल डैम के पीछे के क्षेत्र में जलभराव से छह से सात परिवार बाढ़ जैसी स्थिति में फंस गए। घरों के चारों तरफ तीन से चार फीट तक पानी भर जाने से ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पुलिस, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीम ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर छोटे बच्चों समेत करीब 40 ग्रामीणों को नाव के माध्यम से सुरक्षित बाहर निकाला।

जलभराव की सूचना मिलते ही कोतवाली सितारगंज से उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह रिंगवाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों को सूचना दी गई। इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर एसडीआरएफ टीम को मौके पर भेजा गया। फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ के जवानों ने पुलिस के साथ समन्वय बनाकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

बच्चों को लेकर स्वजन थे चिंतित

जलभराव के कारण प्रभावित परिवारों में छोटे बच्चे भी मौजूद थे। पानी अधिक होने के कारण परिजन घरों से निकलने में संकोच कर रहे थे। पुलिस और एसडीआरएफ जवानों ने ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकालने का भरोसा दिलाया। इसके बाद नाव के जरिए बच्चों और महिलाओं समेत सभी प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया गया।

रेस्क्यू किए गए ग्रामीणों में कुलदीप सिंह, संदीप कौर, हरप्रीत, लवजीत, गुरदेव सिंह, सिमरन कौर, किरण, अवन, अमरीत, मनजीत, हुम्मन सिंह, जोगिंदर सिंह, बलवंत कौर, सुमित्रा कौर समेत कई परिवारों के सदस्य शामिल रहे। पुलिस के अनुसार करीब 10 से 12 अन्य ग्रामीण और बच्चे भी रेस्क्यू किए गए।

15 आपदा प्रभावितों को एक्वा पार्क में ठहराया

तहसीलदार हिमांशु जोशी ने बताया कि एक्वा पार्क फेज-2 में आपदा प्रभावित शिवपद राय, उनके पुत्र अजय राय और संजय राय के परिवार के 15 सदस्यों को अस्थायी रूप से ठहराया गया है। प्रशासन की ओर से प्रभावित लोगों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

रेस्क्यू के बाद अधिकांश ग्रामीण आसपास रहने वाले अपने रिश्तेदारों के यहां चले गए। सुरक्षित बाहर निकाले जाने पर ग्रामीणों ने पुलिस, प्रशासन, एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीम का आभार जताया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार राहत एवं बचाव कार्य में पुलिस, एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीम ने आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई की। जलभराव वाले क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।