धड़ाधड़ गिरे शटर, मची भगदड़
जागरण संवाददाता, सितारगंज : शहर के व्यस्तम बाजार में नंगी तलवारें व असलहे चलने से सनसनी फै
जागरण संवाददाता, सितारगंज : शहर के व्यस्तम बाजार में नंगी तलवारें व असलहे चलने से सनसनी फैल गई। धड़ाधड़ दुकानों के शटर गिरने लगे और भगदड़ मच गई। इस दौरान रोड भी जाम हो गया। करीब आधे घंटे तक यह माहौल बना रहा। बाद में पुलिस ने खून से सनी सड़क पर रेता डलवाया।
नगर कीर्तन को लेकर शहर के लोगों में काफी उत्साह था। काफी संस्थाओं ने विभिन्न स्थानों पर छबील लगा रहे थे। नगर कीर्तन का विभिन्न स्थानों पर स्वागत भी चल रहा था। इस दौरान किच्छा रोड के पुरानी मंडी के पास दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। जिसके बाद सड़क में अफरा-तफरी मच गई। सड़क में नंगी तलावरें व असलहे चलते देख घटनास्थल के आसपास खड़े लोग दुबके रहे। गोलियों की आवाज सुन दुकानदारों ने भी धड़ाधड़ शटर गिराने शुरू कर दिए। जिस वजह से दहशत फैल गई। करीब आधा घंटा तक दोनों पक्षों में खूनी संघर्ष चलता रहा। इस दौरान किच्छा रोड जाम रहा। घटना के बाद पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों से हमलावरों की जानकारी जुटाई।
===============
::::: इनसेट
एसपी क्राइम ने संभाला मोर्चा
सितारगंज: दोहरे हत्याकांड के बाद अस्पताल में मृतक पक्ष की महिलाओं में चीख-पुकार मची हुई थी। महिलाएं दहाड़ें मारकर रो रही थी। एसपी क्राइम कमलेश उपाध्याय ने रोती-बिखलती महिलाओं को समझा-बुझाकर शांत कराया। उनके निर्देशन में फ्लैग मार्च भी हुआ और तनावपूर्ण स्थिति को नियंत्रण में किया गया।
-मीडियाकर्मी भी रहे भीड़ के निशाने पर
सितारगंज:सीएचसी में आक्रोशित भीड़ का निशाना मीडियाकर्मी भी बने। गुस्साए लोगों ने कई फोटोग्राफर के कैमरे छीन लिए और मीडियाकर्मियों को अभद्रता का शिकार होना पड़ा। हालांकि लोगों ने समझा-बुझाकर भीड़ का गुस्सा कम किया।