टुकटुक सवार महिला चिकित्सक की चेन और अंगूठी लूट फरार हुए बदमाश
जिला अस्पताल में डयूटी के लिए जा रही टुकटुक सवार महिला चिकित्सक की चेन व अंगूठी लूटकर बाइक सवार फरार हो गए। अचानक हुई घटना के बाद टुकटुक चालक भी फरार हो गया।
रुद्रपुर, [जेएनएन]: जिला अस्पताल में डयूटी के लिए जा रही टुकटुक सवार महिला चिकित्सक की चेन व अंगूठी लूटकर बाइक सवार फरार हो गए। अचानक हुई घटना के बाद टुकटुक चालक भी फरार हो गया। जिला अस्पताल से 100 मीटर की दुरी पर हुई घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली की पोल खोल दी है।
जिला अस्पताल में तैनात शांति विहार रुद्रपुर निवासी होम्योपैथी चिकित्सक डॉ. भावना टम्टा गुरुवार सुबह टुकटुक पर रोज की तरह डयूटी पर जा रही थीं। जिला अस्पताल के पास ही बाइक सवार दो लोग आए और टुकटुक सवार पर चिल्लाने लगे कि पीछे चेकिंग हो रही है तुम देखते नही हो। तुम्हारी वजह से ही शहर में घटनाएं हो रही है।
अचानक बाइक सवारों के इस तरह के व्यवहार से महिला चिकित्सक ने उन्हें पुलिसकर्मी समझा। इसी दौरान बाइक पर पीछे बैठे युवक ने डॉ. भावना टम्टा के गले की चेन छीनने के साथ ही हाथ की भी सोने की अंगूठी छीन ली। इसके बाद दोनों युवक फरार हो गए।
अचानक हुए इस घटनाक्रम के डॉ. टम्टा स्तब्ध रह गई। उसके बाद घबराया टुकटुक चालक भी फरार हो गया। महिला चिकित्सक ने अस्पताल पहुंच कर घटना से स्टाफ को अवगत कराया। इस पर पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंच कर घटना की जानकारी ली। पुलिस के मुताबिक बदमाशों की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास के क्षेत्र की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जाएंगी।
टुकटुक सवार महिला का पर्स उड़ाया
टुकटुक सवार रानीखेत निवासी महिला का बदमाशों ने पर्स उड़ा लिया। पर्स में 25 हजार की नकदी समेत जरूरी कागजात थे। रानीखेत के पाण्डेखोला निवासी उमा पांडेय रुद्रपुर निवासी पुत्री के घर आई। रोडवेज बस अड्डे से वह टुकटुक में बैठी। उसमे पहले से दो युवक सवार थे। इसी बीच युवकों ने पर्स पार कर लिया। उमा जब पुत्री के घर पहुंची और बैग खोला तो पर्स गायब मिला। इस पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। बताया कि पर्स में 25 हजार की नकदी थी। पुलिस टुकटुक चालक की तलाश कर रही है।
यह भी पढ़ें: शुगर फैक्ट्री से हुई चोरी के माल के साथ युवक गिरफ्तार
यह भी पढ़ें: मकान का ताला तोड़कर लाइसेंसी पिस्टल सहित नगदी और जेवर ले गए चोर
यह भी पढ़ें: दीवार में सेंध लगाकर चोरों ने गोदाम से चुराए इलेक्ट्रॉनिक उपकरण