गेमिंग का खौफनाक जाल: ऑनलाइन गेम खेलते-खेलते प्यार, फिर 1000 किमी दूर हिमाचल से मिली नाबालिग
ऑनलाइन गेम के जरिए दोस्ती के बाद एक नाबालिग लड़की घर से लापता हो गई थी और उसे हिमाचल प्रदेश ...और पढ़ें

दो माह से लापता 17 वर्षीय किशोरी को नानकमत्ता पुलिस ने बरामद किया। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
ऑनलाइन गेम से दोस्ती कर नाबालिग को बहलाया।
किशोरी को एक हजार किमी दूर हिमाचल ले गया।
पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार चलाकर आरोपी को पकड़ा।
जागरण संवाददाता, सितारगंज। ऑनलाइन गेमिंग के दौरान हुई दोस्ती एक नाबालिग को घर से करीब एक हजार किलोमीटर दूर हिमाचल प्रदेश तक ले गई। करीब दो माह से लापता 17 वर्षीय किशोरी को ऑपरेशन प्रहार के तहत नानकमत्ता पुलिस ने हिमाचल प्रदेश से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने उसे बहला-फुसलाकर साथ ले जाने के आरोप में 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है।
नानकमत्ता पुलिस ने बताया कि 16 जून 2026 को किशोरी घर से बिना बताए लापता हो गई थी। स्वजन की तहरीर पर 25 जून को कोतवाली नानकमत्ता में प्राथमिकी पंजीकृत किया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक राजेंद्र पंत को सौंपी गई। प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
टीम ने किशोरी की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ सर्विलांस और मैनुअल पुलिसिंग की मदद ली। जांच में पता चला कि किशोरी की आरोपित से आनलाइन गेम के माध्यम से पहचान हुई थी। इसके बाद आरोपित ने कथित तौर पर उसे अपनी बातों में बहलाया और 16 जून को अपने साथ हिमाचल प्रदेश ले गया।
पुलिस ने इलेक्ट्रानिक सर्विलांस और अन्य माध्यमों से मिले सुरागों के आधार पर हिमाचल प्रदेश में दबिश देकर किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया। साथ ही आरोपित हर्ष ठाकुर उर्फ निखिल 19 वर्षीय को गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें- नैनीताल में बूंदाबांदी के बाद भी 15 सड़कें बंद, पर्यटन पर असर; येलो अलर्ट जारी
पुलिस के अनुसार आरोपी मूल रूप से हमीरपुर, हिमाचल प्रदेश का निवासी है और वर्तमान में उत्तम नगर, दिल्ली में रह रहा था। आरोपित को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राजेंद्र पंत, हेड कांस्टेबल रघुनाथ गोस्वामी और कांस्टेबल गिरीश चंद्र शामिल रहे।
