रुद्रपुर में मेहविश की मौत का खुलासा: तमंचे की छीनाझपटी में चली गोली, पिता-बेटियां गिरफ्तार
रुद्रपुर के महुवाखेड़ा गंज में 22 वर्षीय मेहविश की मौत तमंचे के लिए हुई छीनाझपटी में गोली चलने से हुई ...और पढ़ें

मेहविश. File Photo

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संस जागरण, रुद्रपुर/काशीपुर । महुवाखेड़ा गंज में 22 वर्षीय मेहविश की मौत तमंचा लेने को लेकर हुई छीनाझपटी में गोली चलने से हुई थी। घटना के बाद पड़ोसी ने शव को उठाकर मृतका के घर रखकर घटना के साक्ष्य मिटाने की कोशिश की। पुलिस ने मामले का पर्दाफाश करते हुए पड़ोसी साजिद व उसकी दो बेटियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 12 बोर का तमंचा बरामद किया है। आरोपितों पर हत्या, साक्ष्य मिटाने व आर्म्स एक्ट में प्राथमिकी की है।
गुरुवार को महुआखेड़ा गंज के ग्राम मड़ैया देवी में दिन के समय पड़ोसी साजिद के घर में मेहविश की सिर में गोली लगने से मौत हो गई थी। घटना के बाद साजिद शव को उसके घर छोड़कर परिवार समेत फरार हो गया था। मृतका के भाई फईम ने पुलिस को सूचना देने साथ मामले में प्राथमिकी दी।
शनिवार शाम एसएसपी अजय गणपति ने मामले का पर्दाफाश करते हुए बताया कि अलीगंज रोड पर राधास्वामी सत्संग के पास अभियुक्त साजिद (50) पुत्र जुम्मा, उसकी दोनों पुत्री सबीना (18) व फिजा (20) को गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों भागने की फिराक में थे।
पुलिस पूछताछ में साजिद ने बताया कि घटना के दौरान उसकी छोटी बेटी सबीना व मेहविश के बीच तमंचे के लिए छीनाझपटी हुई थी। इसी दौरान गोली चल गई। मेहविश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद साजिद व फिजा ने फर्श पर फैले खून के धब्बों को साफ कर सबूत मिटाने की कोशिश की। साजिद ने शव को अपने घर से हटाकर मृतका के घर पहुंचा दिया, ताकि घटनास्थल बदला जा सके।
पिता का तमंचा दिखाने के दौरान चली गोली
मेहविश को साजिद के घर तमंचा होने की जानकारी थी। गुरुवार को साजिद घर पर नहीं था। मेहविश ने सबीना से तमंचा दिखाने को कहा। सबीना घर में रखा पिता का तमंचा ले आई। तमंचे को देखने के बाद इसे ऐसे पकड़ते हैं कहकर दोनों बारी-बारी उसे देखने लगे।
फिल्म में तमंचे को ऐसे चलाते हैं, ऐसे उंगली पर घुमाते हैं कहकर दोनों बारी-बारी उस पर अपना हुनर दिखाने लगी। पुलिस के बताए अनुसार, पिता के आने की डर से सबीना तमंचे को वापस घर में रखने की बात कहने लगी। मेहविश ने थोड़ी देर रुकने को कहा। इसी दौरान छीनाझपटी में तमंचे से गोली चल गई।
छह माह पहले खरीदा था तमंचा
सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि साजिद ने छह माह पूर्व महुवाखेड़ा निवासी जमील से तमंचा खरीदा था। वह खेतों से खरपतवार निकालने का काम करता है। आरोपित ने जंगली जानवरों से खेती को बचाने के लिए तमंचा रखने की बात कही है। पुलिस तमंचा बेचने वाले का भी ब्योरा जुटा रही है।
