जेल में मनेगी कई किसानों की दीपावली
एनएच मुआजवा घोटाले में बैक डेट पर 143 कर करोड़ों का मुआ लेने वाले कई किसानों की दिवाली इस बार जेल में मनेगी।
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर :
एनएच मुआजवा घोटाले में बैक डेट पर 143 कर करोड़ों का मुआवजा लेने वाले कई किसानों की दीपावली इस बार जेल में मनेगी। गैर जमानती वारंट मिलने के बाद फरार 18 किसानों की तलाश एसआइटी ने तेज कर दी है। माना जा रहा कि कुछ किसान जल्द गिरफ्तार हो सकते हैं।
एनएच मुआवजा घोटाले में एसआइटी अब तक पांच पीसीएस अधिकारी समेत 24 अधिकारी, कर्मचारी और किसानों के साथ ही बिल्डर्स को गिरफ्तार कर चुकी है। एसआइटी की राडार पर अब करीब 42 किसान भी हैं, जिन्होंने करोड़ों का अतिरिक्त मुआवजा लिया था। इसमें शामिल करीब 18 किसानों के खिलाफ एसआइटी गैर जमानती वारंट भी हासिल कर चुकी है। वारंट थाना पुलिस को भी तामील कराए गए हैं। इसका पता चलते ही किसान फरार हो गए थे। ऐसे में थाना पुलिस उनकी गिरफ्तारी को दबिश भी दी लेकिन अब तक वह हत्थे नहीं चढ़े। इधर, एसआइटी के मुताबिक एनबीडब्ल्यू मिलने के बाद फरार चल रहे 18 किसानों की गिरफ्तारी के प्रयास पुलिस ने तेज कर दिए हैं। इसके लिए दबिश दी जा रही है। माना जा रहा है कि फरार चल रहे इन किसानों में से कुछ किसानों की जल्द गिरफ्तारी हो सकती हैं। ऐसे में वह गिरफ्तार हुए तो उनकी दीपावली जेल में मननी तय है।
इंसेट-
पिछली दीपावली में भी रहे कई अधिकारी फरार
एनएच मुआवजा घोटाले में गिरफ्तार कई अधिकारियों की पिछली दीपावली भी फीकी रही। एसआइटी कार्रवाई के डर से वे अंडरग्राउंड हो गए थे। हालांकि बाद में एसआइटी ने उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। ऐसे पांच पीसीएस समेत 24 लोगों की दीपावली इस बार भी जेल में ही मनेगी।