विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तराखंड के काशीपुर में रील बनाने में चली गोली ने ली मेहविश की जान, हथियार से खेलना पड़ा भारी!

Published: Sat, 12 Sep 2026 02:29 PM (IST)

काशीपुर के महुआखेड़ा गंज में रील बनाने के दौरान तमंचे से दुर्घटनावश चली गोली से 22 वर्षीय मेहविश की मौत हो गई।

मेहविश। फाइल फोटो

मेहविश। फाइल फोटो

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, काशीपुर। महुआखेड़ा गंज में 22 वर्षीय मेहविश की गोली लगने से हुई मौत के मामले में अहम तथ्य सामने आया है। मेहविश की हत्या नहीं हुई, बल्कि खेल-खेल में तमंचे से चली गोली ने उसकी जान ले ली। चर्चा है कि वह रील बना रही थी।

प्रकरण में मृतका के भाई फईम की तहरीर पर पुलिस ने पड़ोसी साजिद व उसके स्वजन पर गैर इरादतन हत्या समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी कर ली है। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस घटना का अनावरण करने के नजदीक पहुंच गई है।

आइटीआइ कोतवाली क्षेत्र के महुआखेड़ा गंज के वार्ड-तीन मढैया देवी निवासी मेहविश की गुरुवार दोपहर में गोली लगने से मौत हो गई थी। घटना के समय वह पड़ोसी के घर गई थी। आसपास के लोगों का कहना था कि खून से लथपथ मेहविश के शव को पड़ोसी उसके घर छोड़ गया था। मृतका के भाई व चाचा ने पुलिस को सूचना दी।

इसके बाद पड़ोसी साजिद पत्नी व बेटे के साथ फरार हो गया। पुलिस ने उसकी दो बेटियों को अभिरक्षा में लिया। मृतका मेहविश को रील्स बनाने का शौक था। पता चला है कि मेहविश पड़ोसी की नाबालिग छोटी बेटी के साथ तमंचे से खेल रही थी। बड़ी बेटी अपने काम में लगी थी। खेत पर गया पिता सूचना मिलने पर घर चला आया।

शव को उसके घर छोड़ने के बाद फरार हो गया। आरोपित ने साक्ष्य मिटाने के प्रयास में खून के धब्जे साफ किए। गुरुवार को मौके पर पहुंची पुलिस वहां का दृश्य देखकर चौक गई थी। शुक्रवार को मेहविश का पोस्टमार्टम हुआ। उसके सिर से 12 एमएम का कारतूस निकला। स्वजन ने गमगीन माहौल में शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।

तमंचा रखने का शौक पहुंचाएगा सलाखों के पीछे

पुलिस सूत्रों से पता चला है कि मृतका के पड़ोसी के घर में तमंचा था। अवैध तमंचा रखने की उसकी चाहत ने परिवार को घोर मुश्किल में डाल दिया है। आरोपित की उससे बड़ी गलती ये रही कि तमंचे को लोड कर रखा गया। यद्यपि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि तमंचा लोड कर घर पर रखा गया था या फिर युवतियों ने खुद उसे लोड किया। पुलिस को आरोपित की तलाश है। सीओ प्रशांत कुमार का कहना है कि प्रकरण का जल्द अनावरण किया जाएगा।