विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खड़गे की सभा के बाद मैदान के 'शुद्धिकरण' पर बवाल, कांग्रेस ने की कार्रवाई की मांग

Published: Mon, 31 Aug 2026 06:33 PM (IST)

हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद मैदान के कथित 'शुद्धिकरण' पर विवाद गहरा गया है। कांग्रेसियों ने बाजपुर ...और पढ़ें

सोमवार को कोतवाल नरेश चौहान को तहरीर सौंपते कांग्रेस कार्यकर्ता। जागरण

सोमवार को कोतवाल नरेश चौहान को तहरीर सौंपते कांग्रेस कार्यकर्ता। जागरण

HighLights

  1. खड़गे की रैली के बाद हल्द्वानी मैदान का 'शुद्धिकरण'

  2. कांग्रेस ने बाजपुर कोतवाली में दर्ज कराई शिकायत

  3. आरोप: एससी अपमान, छुआछूत को बढ़ावा देने का प्रयास

जागरण संवाददाता, बाजपुर। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद कथित रूप से मैदान का ''शुद्धिकरण'' किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के विरोध में कांग्रेसियों ने बाजपुर कोतवाली में तहरीर देकर आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत कर गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

कांग्रेसियों की ओर से कोतवाली में दी गई तहरीर के अनुसार, आठ अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की विशाल जनसभा आयोजित हुई थी।

आरोप है कि इसके दो दिन बाद 10 अगस्त को श्रीराम धर्मार्थ सेवा न्यास के अध्यक्ष गिरीश चंद्र पांडेय और 15 अन्य अज्ञात लोगों ने कथित रूप से आपराधिक साजिश के तहत इस मैदान में यज्ञ कराया और गंगाजल का छिड़काव कर ''शुद्धिकरण'' किया।

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि यह कृत्य अनुसूचित जाति के लोगों को सार्वजनिक रूप से अपमानित करने तथा समाज में भेदभाव और छुआछूत की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया।

कांग्रेसियों ने इसे भारतीय संविधान के अनुच्छेद 17 की भावना के विपरीत बताते हुए अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत गंभीर अपराध बताया है।

शिकायतकर्ताओं ने तहरीर में यह भी उल्लेख किया है कि घटना के बाद 13 अगस्त को राज्यसभा में भी कथित जातिवादी मानसिकता की निंदा किए जाने की बात सामने आई थी। कांग्रेसियों ने कोतवाली प्रभारी से मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकी पंजीकृत करने, आरोपितों को गिरफ्तार करने तथा कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

तहरीर देने वालों में बाजपुर चेयरमैन एवं कांग्रेस प्रदेश सचिव गुरजीत सिंह गित्ते, विधायक प्रतिनिधि डीके जोशी, कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष पवन शर्मा, नगर अध्यक्ष सत्यवान गर्ग, सभासद महेश कुमार, सिंह स्वरूप भारती, तनवीर खान गुड्डू, सुखवंत सिंह, अनुराग गर्ग, यावर खान, हामिद अली, आदित्य चानना आदि शामिल रहे।