कंपनी के गोदाम में भीषण आग
संवाद सहयोगी, रुद्रपुर : देर रात सेफ्टी फर्स्ट कंपनी के गोदाम में आग लग गई। आग इतनी भीषण थी
संवाद सहयोगी, रुद्रपुर : देर रात सेफ्टी फर्स्ट कंपनी के गोदाम में आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि इसे बुझाने में दमकल की 25 गाड़ियों को पांच घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। पीड़ित ने अग्निकांड से एक करोड़ के नुकसान का दावा किया है। जबकि प्रशासन के अनुसार यह 15 लाख है।
दिल्ली निवासी प्रदीप गोयल पुत्र स्व. राजेंद्र प्रसाद गोयल पिछले 15 सालों से आदर्श नगर कॉलोनी में किराये के मकान में रहते हैं। अटरिया मंदिर रोड स्थित न्यू शक्ति विहार कॉलोनी में इनका सेफ्टी फर्स्ट ट्रे¨डग कंपनी के नाम से गोदाम है। गोदाम स्वामी ने बताया कि बीती रात गोदाम बंद कर वह घर चले गए। रात करीब पौने दो बजे उनके मोबाइल पर गोदाम में आग लगने की सूचना आई। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। मौके पर जाकर देखा तो भीषण आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में लिया है। यह देख कॉलोनी में हड़कंप मच गया। आस-पास के लोग आग बुझाने का प्रयास करने लगे, लेकिन सफलता नहीं मिली। आग इतनी विकराल थी कि सिडकुल स्थित कंपनियों और अन्य स्थानों से 25 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलानी पड़ीं। रात्रि दो बजे से दमकल वाहनों ने आग बुझाना शुरू किया। यह क्रम करीब पांच घंटे तक जारी रहा। सुबह सात बजे के करीब बमुश्किल आग पर काबू पाया गया। गोयल ने बताया कि सब कुछ आग से जलकर खाक हो गया है। उन्होंने करीब एक करोड़ के नुकसान का आकलन किया है। उन्होंने बताया कि गोदाम का बीमा आदि नहीं हुआ था।
--- मामला संज्ञान में आया है। इस संबंध में मौका मुआयना के लिए पटवारी के द्वारा जांच की गई। उस आधार पर आग से करीब 15 लाख के नुकसान का आकलन किया गया है।
-डॉ. अमृता शर्मा, तहसीलदार रुद्रपुर