ऊधम सिंह नगर के गदरपुर बाईपास पर दर्दनाक हादसा: कुत्ते से टकराई पल्सर बाइक, दो युवकों की मौत
गदरपुर बाईपास पर कुत्ते से टकराकर पल्सर बाइक डिवाइडर से जा भिड़ी, जिससे दो युवकों की मौके पर ही मौत ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, गदरपुर (ऊधम सिंह नगर)। रुद्रपुर से काशीपुर जा रहे दो युवकों की पल्सर बाइक रविवार शाम करीब छह बजे गदरपुर बाईपास पर गोपाल नगर-बालराम नगर कट के पास सड़क से गुजर रहे कुत्ते से टकरा गई।
टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे को पुलिस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रविवार शाम दोनों युवक अपनी नई पल्सर बाइक से रुद्रपुर से काशीपुर जा रहे थे। गदरपुर बाईपास पर गोपाल नगर-बलराम नगर कट के पास अचानक उनकी बाइक सड़क पर आए कुत्ते से टकरा गई।
इससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क किनारे खंड में जा गिरी। बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।उधर से गुजर रहे एक व्यक्ति ने हादसा देखकर पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो एक युवक की मौत हो चुकी थी। पुलिस दूसरे घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।पुलिस को युवकों की जेब से दो मोबाइल फोन मिले।
इनमें से एक मोबाइल बंद हो चुका था, जबकि दूसरे मोबाइल पर लॉक लगा हुआ था। बाद में एक मोबाइल पर फोन आने पर मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों में एक युवक की पहचान सतीश पुत्र कृपाल सिंह, निवासी हिममतपुर के रूप में बताई गई है। दूसरे युवक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
