रुद्रपुर में प्रकाश पर्व पर पांच गुरुद्वारों ने निकाली प्रभात फेरी
रुद्रपरुमें गुरु गोविद सिंह के प्रकाश पर्व पर विभिन्न पांच गुरुद्वारों ने प्रभात फेरी का आयोजन किया गया।
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर: गुरु गोविद सिंह के प्रकाश पर्व पर विभिन्न पांच गुरुद्वारों ने प्रभात फेरी का आयोजन किया। दशमेश नगर गुरुद्वारे में प्रभात फेरी संपन्न हुई। प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारे में कथा और कीर्तन का कार्यक्रम किया गया, जिसमें गुरुवाणी का बखान करते हुए गुरु गोविद सिंह के इतिहास के रोचक प्रसंगों पर प्रकाश डाला गया।
गुरु गोविद सिंह का प्रकाश पर्व जिले में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। सोमवार को तड़के चार बजे ही विभिन्न गुरुद्वारों से प्रभात फेरी की तैयारी शुरू हो गई, जिसमें गुरुद्वारा गोल मार्केट, जगतपुरा, आदर्श कॉलोनी, इंदिरा कॉलोनी व आवास विकास से प्रभात फेरी निकाली गई। जो कि सुबह नौ बजे तक दशमेश नगर गुरुद्वारा आवास-विकास पहुंची। सोमवार सुबह गुरुद्वारे की सजावट भी की गई। गुरुद्वारे के प्रधान सोमपाल सिंह ने बताया कि गुरुद्वारे में गुरुवाणी का कीर्तन और कथा कार्यक्रम किया गया, जिसमें अमृतसर दरबार साहिब से संदीप सिंह, लुधियाना से नक्षत्र सिंह ने कथा व कीर्तन किया। बताया कि मंगलवार को कथा, कीर्तन के साथ भव्य लंगर का आयोजन भी किया जाएगा। इस मौके पर सचिव इंद्रजीत सिंह, बलविदर सिंह, एडवोकेट अवतार सिंह, प्रीतम सिंह, कुलजीत सिंह आदि मौजूद थे।
---------------
शारदा तट लालकोटी में होंगे मुंडन व जनेऊ संस्कार
खटीमा: कोविड-19 के चलते इस वर्ष उत्तरायणी पर्व पर लालकोटी में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन नहीं होगा। जबकि मंदिर में अखंड रामायण के साथ शारदा तट पर मुंडन व जनेऊ संस्कार कार्यक्रम पूर्व की भांति किए जाएंगे। उत्तरायणी कौतिक मेला कमेटी लालकोटी की सोमवार को मेला परिसर में एक बैठक हुई। जिसमें उत्तरायणी पर्व पर लगने वाले मेले को लेकर चर्चा की गई। तय किया कि महामारी के चलते इस वर्ष मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं आयोजित किए जाएंगे। हालांकि पर्व के अवसर पर शारदा तट किनारे होने वाले यज्ञोपवित्र संस्कार, मुंडन कार्यक्रम पूर्व की भांति किए जा सकेंगे। लालकोटी स्थित मंदिर में अखंड रामायण का भी आयोजन किया गया। इस दौरान मास्क का का प्रयोग व शारीरिक दूरी बनाए रखनी होगी। इस मौके पर कमेटी संरक्षक राम सिंह जेठी, कमेटी अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह खोलिया, देवेंद्र सिंह कन्याल, पूरन चंद्र जोशी, बॉबी खोलिया, बसंत जोशी आदि मौजूद थे।