फैक्ट्री स्वामी की आंखों में झोंकी मिर्च, मारपीट और फायर कर हुए फरार
ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर में कुछ युवक एक फैक्ट्री स्वामी के कार्यालय में घुस आए। उन्होंने फैक्ट्री स्वामी से मारपीट की और मौके पर फायर भी किया।
रुद्रपुर, [जेएनएन]: बगवाड़ा निवासी फैक्ट्री स्वामी के कार्यालय में घुसकर दबंगों ने आंखों में मिर्च झोंक दिया। आरोप है कि इस दौरान लाठी डंडों से हमला भी किया गया। शोर सुनकर फैक्ट्री कर्मी मौके पर पहुंचे तो हमलावरों ने उन पर तमंचे से फायर कर दिया। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल फैक्ट्री स्वामी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही हमलावरों की तलाश में जुट गर्इ।
पुलिस के मुताबिक बगवाड़ा निवासी कुलदीप सिंह संधू पुत्र सरदार भाग सिंह संधू की बगवाड़ा में ही ऑटो पार्ट्स नाम से फैक्ट्री है। सोमवार शाम को कुलदीप सिंह फैक्ट्री कार्यालय में बैठे हुए थे। इसी बीच पांच-छह युवक जबरन उनके कार्यालय में घुस गए। आरोप है कि उन्होंने कुलदीप की आंखों में मिर्च डाल दिया। इसके बाद उन पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। शोर शराबा होने पर फैक्ट्री में काम करने वाले कर्मचारी एकत्र होने लगे। यह देख हमलावरों ने फैक्ट्री कर्मी राजपाल समेत अन्य कर्मियों पर फायर झोंक दिया। फायरिंग से फैक्ट्री परिसर में हड़कंप मच गया।
मौके का फायदा उठाकर हमलावर फरार हो गए। सूचना पर बगवाड़ा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी ली। साथ ही घायल फैक्ट्री स्वामी कुलदीप को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इस दौरान कुलदीप ने एक भाजपा नेता पर पुरानी रंजिश में हमला करवाने का आरोप गाया।
उसने बताया कि उसकी डीडी चौक पर पंजाब एंड सिंध बैंक के पास जमीन है। कुछ सप्ताह पहले भाजपा नेता से उनका विवाद हो गया था। तब से वह उसका पीछा कर रहा था। बगवाड़ा चौकी प्रभारी नीमा बोरा ने बताया कि जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: युवती से छेड़छाड़ के आरोपित को तीन साल की सजा
यह भी पढ़ें: केंद्रीय विद्यालय की छात्राओं से छेड़छाड़, लाइब्रेरियन को हटाया