रुद्रपुर में ट्रेडिंग कंपनी के गोदाम में लगी आग, एक करोड़ का नुकसान
रुद्रपुर में देर रात सेफ्टी फर्स्ट कंपनी के गोदाम में आग लग गयी। आग से लगभग एक करोड़ के नुकसान की संभावना जताई जा रही है।
रुद्रपुर, जेएनएन। देर रात सेफ्टी फर्स्ट कंपनी के गोदाम में आग लग गयी। आग से लगभग एक करोड़ के नुकसान की संभावना जताई जा रही है। आग इतनी भीषण थी कि 25 दमकल की गाड़ियों से करीब 5 घंटे बाद आग पर बमुश्किल काबू पाया गया।
दिल्ली निवासी प्रदीप गोयल पुत्र स्वर्गीय राजेंद्र प्रसाद गोयल पिछले 15 साल से रुद्रपुर के आदर्श नगर कॉलोनी में किराए के मकान पर रहते हैं। अटरिया मंदिर रोड स्थित न्यू शक्ति विहार कॉलोनी में इनका सेफ्टी फर्स्ट ट्रेडिंग कंपनी के नाम से गोदाम है। पिछले 12 सालों से इसके माध्यम से सिडकुल स्थित कंपनियों में जूते, चश्मा, वेल्डिंग रॉड, ब्लॉक्स, जैकेट, हेलमेट आदि सामान सप्लाई करते थे। इसके अलावा बड़े स्तर पर इनके गोदाम से माल अन्य राज्यों में भी सप्लाई किए जाते थे।
गोदाम स्वामी प्रदीप गोयल ने बताया कि बीती रात गोदाम बंद कर वह अपने घर चले गए। रात करीब 1:45 बजे उनके मोबाइल पर सूचना आई कि गोदाम में आग लग गई है। यह सुन उनके होश उड़ गए। तत्काल उन्होंने इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। मौके पर जाकर देखा तो आग ने भीषण रूप ले लिया था। यह देख कॉलोनी में हड़कंप मच गया। आग इतनी विकराल रूप ले चुकी थी कि दमकल विभाग की गाड़ियों सहित आसपास अन्य कंपनियों से करीब 25 फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग बुझाना शुरू किया।
करीब 5 घंटे तक आग बुझाने का प्रयास जारी रहा। जिस पर सुबह 7 बजे के करीब बमुश्किल आग पर काबू पाया गया। गोयल ने बताया कि सब कुछ आग से जलकर खाक हो गया है। साथ ही बताया कि एक अनुमानित नुकसान करीब एक करोड़ का हुआ है। उन्होंने बताया कि गोदाम का बीमा आदि नहीं हुआ है। जिससे काफी बड़ा नुकसान हुआ।
यह भी पढ़ें: नैनीताल के बीच शहर मकान में लगी आग, लाखों का हुआ नुकसान
यह भी पढ़ें: ऊर्जा निगम के गोदाम में आग से 3000 मीटर राख, संदेह में अग्निकांड