त्योहार सिर पर नहीं हो पा रहा किसानों का भुगतान : उपाध्याय
किच्छा में पूर्व दर्जा राज्य मंत्री डा. गणेश उपाध्याय ने कहा सरकार किसानों के साथ दोयम दर्जे का व्यवहार कर रही है।
जागरण संवाददाता, किच्छा : पूर्व दर्जा राज्य मंत्री डा. गणेश उपाध्याय ने कहा सरकार किसानों के साथ दोयम दर्जे का व्यवहार कर रही हैं। धान खरीद के बाद 48 घंटे में भुगतान के दावे विफल साबित हो रहे है। खरीद के 174 करोड़ के सापेक्ष अब तक मात्र 24 करोड़ ही किसानों को भुगतान किया गया है। यही स्थिति रही तो किसान कैसे आने वाले समय में गेहूं बुआई व दशहरा, दीपावली त्योहार मना पाएगा। सरकार की किसानों को भुगतान में उदासीनता के चलते किसान कर्ज के मकड़जाल में फंसता जा रहा है। उच्च न्यायालय में गेहूं के भुगतान के संबंध में दायर जनहित याचिका में सरकार ने स्पष्ट कहा था कि किसानों का भुगतान 48 घंटे से लेकर 1 हफ्ते के अंदर भुगतान कर दिया जाएगा। दुर्भाग्य है यह सरकार जो वादा करती थी, उसे पूरा करने की दिशा में काम नहीं कर पा रही है। अच्छे दिन आएंगे, किसानों की 2022 में आय दोगुनी करेंगे। यह सब कागजों तक ही सिमट कर रह गया है।