ड्रोन कैमरों से होगी जंगलों की निगरानी
संवाद सहयोगी खटीमा तराई पूर्वी वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी नीतिश मणि त्रिपाठी ने खटीमा
संवाद सहयोगी, खटीमा: तराई पूर्वी वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी नीतिश मणि त्रिपाठी ने खटीमा व किलपुरा वन रेंज का वार्षिक निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि अब सीमांत के जंगलों की ड्रोन कैमरों से निगरानी होगी। जल्द ही पांच बाइक खटीमा उप प्रभाग को उपलब्ध हो जाएगी।
डीएफओ त्रिपाठी ने रविवार को खटीमा व किलपुरा वन रेंज का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभाग की गतिविधियों की जानकारी ली। डीएफओ ने कहा कि वन विभाग जंगलों में अतिक्रमण को लेकर संवेदनशील है। अतिक्रमणकारियों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। हालांकि कुछ अतिक्रमणकारियों द्वारा वन कर्मियों के खिलाफ झूठे मुकदमें दर्ज कराए जा रहे हैं। जिससे उनका मनोबल गिर रहा है। विभाग ने खटीमा रेंज के उत्तरी बनबसा कंपार्टमेंट में अतिक्रमित की गई 200 हैक्टेयर भूमि खाली कराई है। जिसमें से 95 हैक्टेयर भूमि पर प्लांटेशन कर दिया गया है। इसके अलावा बाराकोली रेंज के गोठा में 50 हैक्टेयर वन भूमि खाली कराई गई है। उन्होंने बताया कि सुरई वन रेंज में पहली बार जीपीएस पेट्रोलिंग गश्त हो रही है। बारिश के दिनों में सुरई रेंज के जंगल में कीचड़ को देखते हुए वन कर्मियों की गश्त के लिए एक ट्रैक्टर उपलब्ध कराया जा रहा है। पांच बाइकें भी उप प्रभाग को मिल जाएंगी। पहली बार सुरई रेंज में ड्रोन कैमरों की मदद से मगरमच्छ की गतिविधियों पर निगाह रखी जाएगी। वनों में गश्त तेज करने के लिए क्यूआरटी का गठन किया गया है। तराई पूर्वी प्रभाग में वनों व वन्य जीवों की निगरानी के लिए 30 ड्रोन कैमरे खरीदे गए हैं। वन कर्मियों को इनका प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस मौके पर खटीमा के रेंजर बीके बिष्ट, किलपुरा रेंजर केसी कफल्टिया मौजूद थे।