अवैध कब्जे पर कालोनीवासियों ने किया प्रदर्शन
रुद्रपुर के ओमैक्स कालोनी के लोगों ने भूमाफियाओं के खिलाफ किया प्रदर्शन। कहा अवैध कब्जे को नहीं करेंगे बर्दाश्त।
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर: कॉलोनी में भूमाफिया के अवैध कब्जे के खिलाफ स्थानीय लोगों के सब्र का बांध टूट गया। कॉलोनीवासियों ने प्रदर्शन करके परिसर को कब्जा मुक्त करवाने की मांग की है। कॉलोनी के लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की एसआइटी जांच कराई जाए। पॉश कॉलोनी में अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए स्थानीय निवासी लंबे समय से आंदोलित हैं। जिसके लिए कई बार जिला प्रशासन से गुहार लगा चुके हैं। लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। रविवार को ओमैक्स रिवेरा रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्यों ने कॉलोनी के बंद गेट नंबर दो के सामने प्रदर्शन किया। एसोसिएशन अध्यक्ष लेखराज जेडली ने सिडकुल में चल रही एसआइटी जांच में अवैध कब्जे के इस मामले को भी शामिल करने की मांग की है। कॉलोनी वासियों का कहना है कि दो वर्ष पूर्व ओमैक्स के गेट संख्या दो पर सिडकुल से साठ-गांठ करके भूमाफिया ने अवैध रूप से रातों-रात निर्माण सामग्री डाल कर कब्जा कर लिया था। रेरा न्यायालय ने प्रसाशन को कब्जा हटाने के आदेश भी दिए, लेकिन माफियाओं के आगे प्रसाशन ने घुटने टेक दिए। आज तक जिला प्रशासन अवैध कब्जा नहीं हटा सका है। जिससे लोगों में आक्रोश व्याप्त है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि प्रसाशन ने जल्द अवैध कब्जा नही हटाया तो वह कैंडिल मार्च निकाल अपना विरोध व्यक्त करेंगे। इस मौके पर धर्मेंद्र चौधरी, वेद प्रकाश, जगदीश प्रसाद, दिनेश तिवारी, ईश्वर भट्ट आदि मौजूद थे। बता दें कि यह मसला पहले भी उठ चुका है। कालोनीवायिों ने कहा कि वह किसी हालत में अन्याय बर्दाश्त नहीं करेंगे।