बच्चों ने अपनी प्रतिभा का मनवाया लोहा
गांधी पार्क में सेवा भारती शिक्षा समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में छात्र छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
संस, रुद्रपुर : गांधी पार्क में सेवा भारती शिक्षा समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में छात्रों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। विद्यालयों के वार्षिकोत्सव में मुख्य अतिथि कुमाऊं-गढ़वाल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, उत्तराखंड के अध्यक्ष अशोक बंसल ने दीप प्रज्वलन कर किया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि प्रांत संघ संचालक उत्तराखंड के प्रांत संघचालक गजेंद्र सिंह संधू ने कहा कि वनवासी कल्याण आश्रम के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड में कार्य कर रही संस्था सेवा प्रकल्प संस्थान के अंतर्गत सेवा भारती शिक्षा समिति का शहर में स्व. तिलकराज कपूर की प्रेरणा से गरीब व मलिन बस्तियों के बच्चों को विद्यालय तक लाकर शिक्षा की अलख जगाने का कार्य कर रही है। बताया कि लगभग 40 वर्ष पूर्व स्व. कपूर के द्वारा लगाया गया यह पौधा एक वट वृक्ष का रूप ले चुका है। इसके तहत जगतपुरा, रम्पुरा व गांधी कालोनी में स्कूल संचालित हो रहा है। इन विद्यालयों में घुमंतू जाति के बच्चों को निश्शुल्क शिक्षा दिया जाता है। वर्तमान में लगभग 15 सौ छात्र-छात्राएं इसमें शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। शुरुआती दौर में सभी स्कूल टीन शेड में संचालित किए जाते थे, पर अब समाज के आर्थिक सहायता से पक्के भवनों का निर्माण किया गया है। कार्यक्रम की अध्यक्षता नेशनल कंस्ट्रक्शन कंपनी के एमडी जेबी सिंह ने की। विशिष्ट अतिथियों भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद अजय भट्ट, मेयर रामपाल सिंह, विधायक राजकुमार ठुकराल, किच्छा विधायक राजेश शुक्ला, दर्जा राज्य मंत्री सुरेश परिहार, डॉ प्रदीप अदलखा, विजय भूषण गर्ग, राजकुमार गाबा व स्वामी शिवानंद थे। कार्यक्रम सेवा प्रकल्प संस्थान के तत्वावधान में संपन्न हुआ। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष शिव अरोरा, नरेंद्र अरोरा, भारत भूषण चुघ, राजेश गुप्ता, ओम प्रकाश ठुकराल मनीष अग्रवाल, विजय मिड्डा, विजय फुटेला, कमलेश बिष्ट, ममता राठौर, राजेंद्र अरोरा, राजेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।