ट्रांजिट कैंप में सत्यापन को लेकर बवाल
जागरण संवाददाता रुद्रपुर आजादनगर में किराएदारों का सत्यापन के दौरान पुलिस और किराएदा
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर : आजादनगर में किराएदारों का सत्यापन के दौरान पुलिस और किराएदारों परिवार के बीच विवाद हो गया। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। आरोप है कि इस दौरान पुलिस कर्मियों ने मारपीट भी की। इससे किराएदार महिला, उसका पुत्र और पुत्री घायल हो गई। बाद में तीनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मूलरूप से ग्राम हरदासपुर, थाना अमरिया, पीलीभीत निवासी तरनजीत सिंह पुत्र गंगाराम सिडकुल की एक कंपनी में काम करता है। वह परिवार के साथ ट्रांजिट कैंप, आजादनगर निवासी परमानंद के मकान में किराए में रहता है। जबकि मकान स्वामी पश्चिम बंगाल में रहता है। रविवार दोपहर ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस ने आजादनगर में किराएदारों का सत्यापन अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीम तरनजीत सिंह के घर भी पहुंची और सत्यापन किया। तरनजीत सिंह के परिवार का सत्यापन न होने पर पुलिस ने 10 हजार का जुर्माना कर दिया। यह देख तरनजीत ने जुर्माने की राशि मकान स्वामी से लेने को कहा। इसी बात को लेकर तरनजीत और पुलिस कर्मियों के बीच बहस हो गई। आरोप है कि इस दौरान पुलिस कर्मियों ने उससे मारपीट कर दी। बीच बचाव को आई उसकी मां माया देवी और बहन कुसुम लता से भी मारपीट की। इससे तीनों घायल हो गए। शोर शराबा होने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए। उन्होंने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। थानाध्यक्ष ट्रांजिट कैंप विद्यादत्त जोशी ने बताया कि पुलिस सत्यापन अभियान चला रही थी। सत्यापन न होने पर पुलिस ने जुर्माने की कार्रवाई की। जुर्माने की कार्रवाई से बचने के लिए वह पुलिस कर्मियों पर आरोप लगा रहे हैं।