पात्रों को नहीं मिल रहा राशन
रुद्रपुर में नगर निगम क्षेत्र में पात्रों को राशन नहीं मिल पा रहा है जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर : नगर निगम क्षेत्र में पात्रों को राशन नहीं मिल पा रहा है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है। राशन कार्ड के लिए लोग कलक्ट्रेट का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन स्थानीय लोगों को गेट से ही वापस कर दिया जा रहा है। परेशान लोगों ने क्षेत्रीय पार्षदों से मामले की शिकायत की है।
नगर निगम के पार्षदों ने जिला पूर्ति अधिकारी श्याम आर्या से मुलाकात की। पार्षद संघ ने कहा कि लंबे समय से नए कार्ड नहीं बनाए जा रहे हैं, जिससे लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं में दिक्कतों से गुजरना पड़ रहा है। उन्होंने शीघ्र ही नए कार्ड बनाने की मांग की है, जिससे स्थानीय लोगों को कलक्ट्रेट व पूर्ति विभाग के चक्कर न लगाने पड़े। पार्षद सुशील चौहान ने कहा कि राशन कार्ड की समस्या से वर्तमान में हजारों की संख्या में लोग प्रभावित हैं। जिला पूर्ति अधिकारी श्याम आर्या ने बताया कि शासन की ओर से नए राशन कार्ड बनाने का कार्य किया जा रहा है। सस्ता गल्ला विक्रेता के माध्यम से राशन कार्ड के लिए फार्म भरवाए जा रहे हैं, जिसके जरिए शीघ्र ही लोगों को स्मार्ट राशन कार्ड दिए जाएंगे। इस मौके पर पार्षद प्रमोद शर्मा, विधान राय, बबलू सागर, शैलेंद्र रावत, भुवन गुप्ता, महेंद्र आर्य, राकेश सिंह, जितेंद्र यादव, विनय विश्वास आदि मौजूद थे।