लूट के खुलासे में देरी पर व्यापारियों में आक्रोश
पॉश कॉलोनी में व्यापारी से हुई चार लाख की लूट का 55 दिन बाद भी पुलिस खुलासा नहीं कर सकी है।
जागरण संवाददाता, किच्छा : पॉश कॉलोनी में व्यापारी से हुई चार लाख की लूट का 55 दिन बाद भी खुलासा न होने पर सब्र का बांध टूट गया। व्यापारियों ने महाराणा प्रताप चौक पर धरना दे पुलिस के खिलाफ जमकर गुबार निकाला। उन्होंने एक सप्ताह में खुलासा न होने पर आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया। एसएचओ एमसी पांडे ने शीघ्र घटना के खुलासे का भरोसा दिलाया है।
28 नवंबर को पूर्व पालिकाध्यक्ष सुरेश अग्रवाल के भाई रामवतार अग्रवाल से बाइक सवार बदमाशों ने घर से चंद कदमों की दूरी पर तमंचा तान चार लाख की नकदी भरा बैग लूट लिया था। अभी तक पुलिस घटना का खुलासा नहीं कर सकी है। इससे गुस्साए व्यापारी शनिवार सुबह महाराणा प्रताप चौक पर धरने पर बैठ गए। व्यापारियों ने क्षेत्र में बढ़ रही आपराधिक वारदातों पर रोष व्यक्त किया। धरने की जानकारी पर एसएचओ मोहन चंद्र पांडे भी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने किए जा रहे प्रयास की जानकारी देते हुए घटना के खुलासे का भरोसा दिलाया। इस पर व्यापारियों ने 26 जनवरी तक का समय देते हुए 27 जनवरी से आर पार की लड़ाई का ऐलान किया। इस दौरान नगर पालिकाध्यक्ष दर्शन कोली, कांग्रेस प्रदेश महासचिव हरीश पनेरु, व्यापार मंडल अध्यक्ष महेंद्र चावला, महामंत्री ओम अग्रवाल, युवा व्यापार मंडल अध्यक्ष दुर्गेश गुप्ता, सभासद संदीप अरोरा सोनू, सचिन सक्सेना, पुष्कर रौतेला, जगरूप ¨सह गोल्डी, मनमोहन सक्सेना आदि मौजूद थे।
---
मुआयने तक सिमटा सुरक्षा का सवाल लूट की घटना के बाद आवास विकास की सुरक्षा चाक चौबंद करने को लेकर अधिकारियों के साथ ही विधायक राजेश शुक्ला ने भी मौका मुआयना किया, लेकिन नतीजा सिफर रहा। इसके 55 दिन बीतने के बाद भी कोई कदम नहीं उठा।