रुद्रपुर और काशीपुर में लहराया भगवा
रुद्रपुर और काशीपुर दोनों नगर निगमों में भगवा लहराया। रामपाल व ऊषा चौधरी यहां विजयी घोषित हुई।
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर : रुद्रपुर और काशीपुर दोनों नगर निगमों में भगवा लहराया। दोनों ही में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर रही। वहीं नगर पालिकाओं की बात करें तो पांच में से भाजपा के खाते में एक भी नहीं गई जबकि दो पर कांग्रेस और एक पर बसपा ने कब्जा जमाया। दो पर निर्दलीय काबिज हुए। आठ नगर पंचायतों में तीन पर निर्दलीय, दो पर कांग्रेस और तीन पर भाजपा ने मैदान मारा।
रुद्रपुर में नजूल बड़ा मुद्दा था। ऐसे में भाजपा को यहां कड़ी मेहनत करनी पड़ी, बावजूद पार्टी नेता आशंकित थे। उन्हें डर था कि रम्पुरा में बहिष्कार की घोषणा के बाद बंपर मतदान कहीं उनसे छिटक न जाए। कांग्रेस की वोट पर सीधी नजर थी लेकिन यह भाजपा का काडर वोट था तो मतपेटियां खुली तो सीट भाजपा के खाते में आते देर न लगी। भाजपा के रामपाल को 39882 जबकि कांग्रेस के नंदलाल को 34748 वोट मिले। ऐसे में 5134 वोट से रामपाल के हाथ जीत लगी। काशीपुर नगर निगम में एक बार फिर ऊषा चौधरी को विजय मिली। हालांकि पिछले चुनाव में ऊषा चौधरी निर्दलीय लड़ी थीं। इस बार उन्होंने भाजपा का दामन थामा और 5472 वोट से कांग्रेस की मुक्ता ¨सह को हराकर चुनाव में भी बाजी मारी। पालिकाओं की बात करें तो खटीमा, किच्छा कांग्रेस के खाते में गईं। गदरपुर और सितारगंज में निर्दलीय तो जसपुर में बसपा ने मैदान मारा। भाजपा के खाते में पालिका अध्यक्ष का एक भी पद नहीं गया। नगर पंचायतों में सुल्तानपुर पटटी, केलाखेड़ा, महुआडाबरा में निर्दलीयों का कब्जा रहा। जबकि महुआखेड़ागंज, नानकमत्ता में कांग्रेस, शक्तिगढ़, दिनेशपुर और गूलभोज में भाजपा ने कब्जा जमाया।