राम मंदिर समर्पण निधि जागरण को बाइक रैली
अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के समर्पण निधि अभियान के तहत रविवार को रुद्रपुर मे बाइक रैली निकाली गई।
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर: अयोध्या में राम मंदिर समर्पण निधि के जागरण के लिए विराट बाइक रैली निकाली गई। मोदी मैदान से निकली बाइक रैली में आरएसएस, विहिप व भाजपा के कार्यकर्ता शामिल हुए। बाइक रैली पूरे शहर में घूमी।
राम मंदिर के लिए जन-जन से समर्पण निधि का सहयोग लिया जा रहा है। राम मंदिर को भव्य बनाने के लिए देश की आम जनता से स्वेच्छा के आधार पर कम से कम 10 रुपये की निधि प्राप्त की जा रही है। ऐसे में लोगों को जागरूक करने के लिए रविवार सुबह साढ़े 10 बजे मोदी मैदान में कार्यकर्ता एकत्र हुए। यहां से निकली बाइक रैली, तीन पानी चौक, भदईपुरा, रम्पुरा, इंदिरा चौक, मुख्य बाजार, गल्ला मंडी, माडल कालोनी, मलिक कालोनी, सिंह कालोनी, इंदिरा कालोनी, घास मंडी, काशीपुर बाइपास, सिविल लाइन, आवास-विकास, रविद्र नगर, दरियानगर, किच्छा रोड, संजय नगर खेड़ा से वापस मोदी मैदान पहुंची।
आरएसएस के संपर्क प्रमुख विशाल खेड़ा ने बताया कि 15 जनवरी से पांच फरवरी तक समर्पण निधि एकत्र करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें देश के करीब 22 करोड़ परिवारों से समर्पण निधि प्राप्त करनी है। बाइक रैली के दौरान आरएसएस के जिला प्रचारक नरेंद्र, महानगर प्रचारक त्रिभुवन, जिला कार्यवाहक बरीत सिंह, विहिप के विभाग संयोजक कुंवर सिंह नेगी, भाजपा जिलाध्यक्ष शिव अरोरा, महापौर रामपाल सिंह, विधायक राजकुमार ठुकराल, भारत भूषण चुघ, अशोक जायसवाल, राम उजागिर, राहुल आदि मौजूद थे।
...
गदरपुर में निधि समर्पण कार्यक्रम का शुभारंभ
संसू, गदरपुर : राम मंदिर निर्माण के लिए नगर में राष्ट्रीय सेवक संघ ने निधि समर्पण कार्यक्रम का रविवार को शुभारंभ किया। नगर प्रभारी दीपक सुधा ने बताया कि शहर को चार भागों में बांटा गया है। एक भाग की जिम्मेदारी 15 लोगों को दी गई है। अभियान 5 फरवरी तक चलेगा। संघ के कार्यकर्ता घर-घर जाकर राम मंदिर निर्माण के लिए चंदा जुटाएंगे। इसके लिए 10, 100, और 1000 रुपए के कूपन हैं, जो श्रद्धालुओं को दिए जाएंगे। इस मौके पर भाजपा नेता रविद्र बजाज, राजकुमार सुखीजा, विनोद अरोरा, पंकज बजाज, गुंजन सुखीजा,पंकज सेतिया, दीपक विस्तारक, मनीष रघुवंशी, सुमित गाबा, मोनू पॉपली, रोहित,सुदामा आदि मौजूद थे।