भीख मांगी, रैली निकाली और पालिकाध्यक्ष के घर डाल दिया कूड़ा
संवाद सहयोगी खटीमा नगर पालिका के सफाई कर्मी पिछले सात माह से वेतन को तरस रहे हैं।
संवाद सहयोगी, खटीमा: नगर पालिका के सफाई कर्मी पिछले सात माह से वेतन को तरस रहे हैं। दीपावली पर्व भी वेतन न मिलने से उनका गुस्सा भड़क उठा। आर्थिक तंगी से जूझ रहे कर्मियों ने नगर में भीख मांगकर जुलूस निकाला। साथ ही पालिका गेट व पालिकाध्यक्ष सोनी राणा का घेराव कर उनके घर के सामने कूड़ा डाल कर विरोध प्रदर्शन किया।
नगर पालिका कर्मी पिछले सात माह से वेतन दिए जाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलनरत है। शुक्रवार को सफाई कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष संतोष गौरव के नेतृत्व कर्मी पालिका कार्यालय पर एकत्र हुए। जहां उन्होंने जमकर हंगामा काटा। साथ ही पालिका के गेट को कूड़े के ढ़ेर से बंद कर दिया। इसके बाद गुस्साए कर्मियों ने नगर के विभिन्न मार्गों पर भीख मांगकर जुलूस निकाला। बाद में आक्रोशित कर्मियों ने पालिकाध्यक्ष राणा का घेराव किया। साथ ही उनके घर के सामने कूड़ा डाल कर विरोध प्रदर्शन किया। कर्मियों का कहना है कि पर्व पर भी उन्हें वेतन नहीं दिया गया है। वेतन न मिलने उनके सामने आर्थिक संकट पैदा हो गया है। वह त्यौहार नहीं मना पा रहे हैं। उन्होंने जल्द वेतन दिए जाने की मांग की। ऐसा न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। इस मौके पर सुभाष कुमार, राजकुमार, बुद्घसेन, रघुवीर, मनोज कुमार, अनिल कुमार, ग्रेस देवी, ढिल्लो देवी, रामवती, ममता, विनीता आदि मौजूद थे।
इनसेट:
45 दिनों से धरने पर बैठें हैं पर्यावरण मित्र
खटीमा: देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के बैनर तले पालिका से निकाले गए पर्यावरण मित्रों का धरना पिछले 45 दिनों से जारी है। उन्होंने जल्द वेतन दिए जाने एवं नौकरी पर रखे जाने की मांग की है।