विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बाजपुर में क्रिप्टो धोखाधड़ी: भारी मुनाफे का झांसा देकर 9.42 लाख रुपये हड़पे, खाताधारक पर केस दर्ज

Published: Mon, 31 Aug 2026 06:28 PM (IST)

बाजपुर के एक खाताधारक पर क्रिप्टोकरेंसी में भारी मुनाफे का झांसा देकर 9.42 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगा ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. क्रिप्टोकरेंसी में भारी मुनाफे का झांसा देकर 9.42 लाख की ठगी।

  2. बाजपुर के खाताधारक लखविंदर सिंह पर प्राथमिकी दर्ज हुई।

  3. कर्नाटक, पंजाब, तेलंगाना के पीड़ितों की शिकायतें जांच में शामिल।

जागरण संवाददाता, बाजपुर। क्रिप्टोकरेंसी में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में साइबर जांच के दौरान बाजपुर क्षेत्र के एक खाताधारक का नाम सामने आया है।

गृह मंत्रालय के भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (आई4सी) के समन्वय पोर्टल पर संदिग्ध खातों की जांच के दौरान संबंधित बैंक खाते में कर्नाटक, पंजाब और तेलंगाना की तीन आनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायतें दर्ज मिलीं। पुलिस के अनुसार, इन शिकायतों से जुड़े लेनदेन की जांच में कुल 9,42,248 रुपये की ठगी की रकम उक्त खाते में पहुंची है।

पुलिस के अनुसार, उच्चाधिकारियों के निर्देश पर साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए संदिग्ध म्यूल खातों की जांच की जा रही थी। इसी क्रम में साइबर सेल से प्राप्त सूची में दर्ज एक बैंक खाते की जांच की गई।

कोटक महिंद्रा बैंक की बाजपुर शाखा से प्राप्त अभिलेखों में यह खाता लखविंदर सिंह पुत्र निवासी ग्राम भजवानगला थाना केलाखेड़ा के नाम दर्ज पाया गया। पुलिस ने खाताधारक से मोबाइल फोन के माध्यम से संपर्क कर खाते में विभिन्न तिथियों में हुए लेनदेन के संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया।

पुलिस का कहना है कि खाताधारक की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया और बुलाने के बावजूद वह थाने में उपस्थित नहीं हुआ। इसके बाद खाते की साइबर अपराध समन्वय पोर्टल पर जांच की गई।

जांच के दौरान खाते के विरुद्ध आनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी की तीन शिकायतें दर्ज मिलीं। पहली शिकायत 23 अप्रैल 2026 को बेलंदूर थाना, बेंगलुरु सिटी, कर्नाटक में अमन कुमार की ओर से दर्ज कराई गई थी।

दूसरी शिकायत एक मई 2026 को थाना बेहराम, जिला एसबीएस नगर, पंजाब में पवन कुमार की ओर से दर्ज मिली। तीसरी शिकायत 30 अप्रैल 2026 को गाचीबोवली, तेलंगाना निवासी गरागु वागेश की ओर से दर्ज होना पाया गया। पुलिस ने संबंधित शिकायतकर्ताओं से दूरभाष पर जानकारी ली।

शिकायतकर्ताओं ने कथित तौर पर बताया कि अज्ञात व्यक्तियों ने टेलीग्राम के माध्यम से उनसे संपर्क कर क्रिप्टोकरेंसी में निवेश करने पर भारी मुनाफे का लालच दिया और अलग-अलग खातों में रकम जमा कराई। जांच में उक्त खाता भी इन लेनदेन से जुड़ा पाया गया।

छह माह के लेनदेन की भी जांच

पुलिस ने जेएमआईएस पोर्टल पर उपलब्ध शिकायतों से जुड़े लेनदेन का मिलान किया। इसमें अलग-अलग तिथियों में विभिन्न व्यक्तियों से कुल 9,42,248 रुपये की ठगी की रकम खाते में जमा होने की बात सामने आई। इसके अलावा खाते का पिछले छह माह का लेनदेन विवरण भी प्राप्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार, इसमें कई लोगों से साइबर ठगी से संबंधित लाखों रुपये के लेनदेन सामने आए हैं। पुलिस ने मामले में खाताधारक लखविंदर सिंह के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत अभियोग पंजीकृत कर विस्तृत विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस अब खाते में हुए अन्य संदिग्ध लेनदेन और साइबर ठगी से जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।