विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बाजपुर में 4.33 लाख की साइबर ठगी: म्यूल खातों के जरिए धोखाधड़ी में खाताधारक पर केस

Published: Mon, 31 Aug 2026 06:30 PM (IST)

बाजपुर पुलिस ने साइबर ठगी के माध्यम से 4.33 लाख रुपये अपने खातों में मंगाने के आरोप में एक खाताधारक ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. खाताधारक पर 4.33 लाख रुपये की साइबर ठगी का आरोप।

  2. म्यूल खातों की जांच में सामने आया धोखाधड़ी का मामला।

  3. सात राज्यों की साइबर ठगी शिकायतों से जुड़ा है यह खाता।

जागरण संवाददाता, बाजपुर। साइबर ठगी के लिए इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल खातों की जांच के दौरान बाजपुर पुलिस को एक और संदिग्ध खाताधारक का मामला सामने आया है।

पुलिस ने अलग-अलग लोगों से कथित रूप से धोखाधड़ी कर 4.33 लाख रुपये अपने दो बैंक खातों में मंगाने के आरोप में केलाखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम तोता बेरिया निवासी दलजीत सिंह के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत की है। पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, गृह मंत्रालय भारत सरकार की साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए बनाई गई नोडल एजेंसी भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (14सी) के समन्वय पोर्टल पर उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर साइबर सेल से म्यूल खातों की सूची प्राप्त हुई थी।

सूची में दर्ज आईडीबीआई बैंक बाजपुर और कोटक महिंद्रा बैंक बाजपुर के खातों की जांच उपनिरीक्षक प्रह्लाद सिंह ने की। बैंकों से प्राप्त अभिलेखों में दोनों खाते ग्राम तोता बेरिया निवासी दलजीत सिंह पुत्र हरवंश सिंह के नाम संचालित पाए गए। पुलिस ने खाताधारक के मोबाइल नंबर पर संपर्क कर खातों में हुए लेनदेन के संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।

पुलिस के अनुसार, थाने बुलाए जाने पर भी वह उपस्थित नहीं हुआ और बाद में मोबाइल फोन बंद कर दिया। पुलिस के अनुसार शिकायतों से जुड़े लेनदेन की जांच करने पर अलग-अलग तिथियों में विभिन्न लोगों से कुल 4,33,004 रुपये की रकम कथित साइबर ठगी के माध्यम से दोनों खातों में पहुंचाई गई।

पुलिस ने प्रथम दृष्टया मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत दंडनीय पाए जाने पर दलजीत सिंह के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत विवेचना के दौरान खातों में हुए अन्य संदिग्ध लेनदेन और साइबर ठगी से जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच की जाएगी।

सात साइबर ठगी की शिकायतें मिलीं

पुलिस ने 14सी के समन्वय पोर्टल पर दोनों खातों की जांच की तो आईडीबीआई खाते के विरुद्ध आनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी की चार शिकायतें और कोटक महिंद्रा बैंक खाते के विरुद्ध तीन शिकायतें दर्ज मिलीं।

ये शिकायतें बिहार, महाराष्ट्र, पंजाब, उत्तराखंड, गुजरात, तमिलनाडु और उत्तर-प्रदेश से संबंधित बताई गई हैं। खातों की पिछले छह माह की लेनदेन संबंधी जानकारी भी पुलिस ने प्राप्त की है, जिसमें कई लोगों से साइबर ठगी से संबंधित लाखों रुपये के लेनदेन सामने आने का दावा किया गया है।