उत्तराखंड से सात पिस्टल ले गया अल बदर आतंकी रेहान मीर, पूछताछ में तस्करों का सनसनीखेज खुलासा
रुद्रपुर में गिरफ्तार अंतरराज्यीय असलहा तस्करों ने अल बदर आतंकी संगठन के ओवर ग्राउंड वर्कर रेहान मीर को सात पिस्टल बेचने की बात कबूली है।

रुद्रपुर में गिरफ्तार असलाह तस्कर। फाइल फोटो

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर। असलहे और सैकड़ों कारतूस के साथ गिरफ्तार अंतरराज्यीय तस्कर से अल बदर आतंकी संगठन के ओवर ग्राउंड वर्कर रेहान मीर ने सात पिस्टल खरीदी थीं। इसके लिए आतंकी रेहान ने उनके बैंक खातों में चार-पांच लाख रुपये कई किश्तों में ट्रांसफर किए थे।
गिरफ्तारी के बाद हुई पूछताछ में गिरफ्तार असलहा तस्करों ने यह बात स्वीकारी की थी। ऐसे में अब पुलिस उनके आतंकी कनेक्शन के साथ ही वह असलहे कहां से लाते थे और कहां-कहां बेचा है, इसकी जानकारी जुटाने के लिए दोनों को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है।
पांच असलहे और 300 से अधिक कारतूस के साथ गिरफ्तार
गुरुवार को सितारगंज से नैनीताल जिले के चोरगलिया स्थित जंगल में भारी मात्रा में असलहे और कारतूस छिपाने के लिए ले जाने की सूचना मिली थी। जिसके बाद पुलिस और एसओजी ने सितारगंज निवासी हरेंद्र सिंह उर्फ हनी और निखिल वर्मा उर्फ रानू को पांच असलहे और 300 से अधिक कारतूस के साथ गिरफ्तार किया था।
उन्होंने बताया कि वह उत्तर प्रदेश के बदायूं से असलहे लाते हैं। जिसके बाद उनसे सख्ती से पूछताछ की तो पता चला कि गिरफ्तार हरेंद्र उर्फ हनी का कनेक्शन अल बदर आतंकी संगठन के ओवर ग्राउंड वर्कर रेहान मीर से भी है। हरेंद्र आतंकी रेहान मीर को असलहे उपलब्ध कराता था, उनके बीच कई बार बैंक ट्रांजेक्शन भी हुआ था। जिसमें हरेंद्र सिंह उर्फ हनी ने कबूल किया है कि उसने रेहान मीर को तीन बार में सात पिस्टल उपलब्ध कराई थी।
इसके एवज में रेहान मीर ने हरेंद्र के खाते में अलग अलग किश्त में चार से पांच लाख रुपये ट्रांसफर किए थे। अब पुलिस हरेंद्र के आतंकी कनेक्शन के साथ ही वह असलहे और कारतूस कहां से लाता था और अब तक उसने असलहे कहां -कहां बेचे हैं, इसकी जानकारी जुटाएगी। इसके लिए पुलिस गिरफ्तार दोनों अंतरराज्यीय असलहा तस्करों को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी।
एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि दोनों गिरफ्तार तस्करों से कई बिंदुओं पर पूछताछ होनी है। इसके लिए उन्हें पीसीआर में लिया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड की शांत वादियों में आतंकी गतिविधियां, अलबदर से जुड़े रुद्रपुर से अरेस्ट असलहा तस्कर के तार
