किच्छा में गन्ना पर्ची वितरण में धांधली पर भड़के किसान
किच्छा में किसानों ने गन्ना पर्ची वितरण में धांधली का आरोप लगा हंगामा किया।
जागरण संवाददाता, किच्छा : किसानों ने गन्ना पर्ची वितरण में धांधली का आरोप लगा हंगामा किया। सुपरवाइजरों पर बड़े फार्मरों के साथ सांठगांठ कर बिना गन्ने के ही सट्टा बनाने का आरोप लगाया। कहा कि इससे छोटा किसान बर्बादी की कगार पर पहुंच अपना गन्ना औने पौने दाम पर माफिया को बेचने को मजबूर है।
पूर्व दर्जा राज्यमंत्री डा. गणेश उपाध्याय के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसानों ने गन्ना पर्ची न मिलने पर नारेबाजी की। डा. उपाध्याय ने कहा कि जिन बड़े फार्मरों की जमीनों पर सर्वे में सुपरवाइजरों ने गन्ना दिखाया गया है, वहां गन्ना मौजूद ही नहीं है। बावजूद इसके उन्होंने सांठ गांठ कर गन्ना रकबा दिखाया है। यह बड़े फार्मर छोटे किसानों से औने-पौने दामों पर गन्ना खरीद कर चीनी मिल को सप्लाई कर रहे हैं। गन्ना विभाग ने चीनी मिल पर ठीकरा फोड़ते हुए पर्ची जारी न होने के पीछे इंडेंट न दिए जाने का कारण बताया। जिस पर किसानों ने चीनी मिल पहुंचकर गन्ना प्रबंधक ऋषिपाल सिंह का घेराव किया। उन्होंने गन्ना आयुक्त ललित मोहन रयाल से मोबाइल पर संपर्क कर किसानों की दिक्कत से अवगत करवाया। वहीं गन्ना प्रबंधक ने किसानों की दिक्कत दूर करने के लिए इंडेंट बढ़ाने के निर्देश दिए। कहा कि किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। पर्ची को लेकर व्यवस्था और पुख्ता की जाएगी। इस दौरान उद्धव दास, मोहनलाल, रमेश चंद्र, विनोद कुमार, अशोक कुमार, संदीप कुमार, सादिक हुसैन, मो. इरफान, मो. जाकिर, महिपाल सिंह बोरा, किशन चंद्र, सुंदरलाल, मनोज कुमार, भरत कुमार, दिलीप कुमार, गंगाधर आदि मौजूद थे।