विभिन्न पदों पर प्रत्याशियों ने जमा किए पर्चे
गदरपुर में व्यापार मंडल चुनाव के अध्यक्ष महामंत्री एवं कोषाध्यक्ष पद पर प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए।
संवाद सूत्र, गदरपुर : व्यापार मंडल चुनाव के अध्यक्ष, महामंत्री एवं कोषाध्यक्ष पद पर प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। इसके साथ ही चुनावी सरगर्मियां और तेज हो गई।
बुधवार को श्री पुरातन शिव मंदिर स्थित चुनाव कार्यालय में व्यापार मंडल चुनाव के लिए सुबह 10 बजे से अपराह्न एक बजे तक 21 नामांकन पत्र खरीदे गए। चुनाव पर्यवेक्षक जयकिशन अरोरा ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए पंकज सेतिया, दीपक बेहड़, मनोज गुम्बर, विनोद भुसरी, रोहित हुड़िया, सुरेश खुराना व अशोक बठला, महामंत्री पद के लिए मनीष फुटेला संदीप चावला विपुल चावला तथा कोषाध्यक्ष पद के लिए राहुल अनेजा गौरव भुड्डी ने नामांकन पत्र दाखिल किए। इस मौके पर व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष राजकुमार भुड्डी चुनाव पर्यवेक्षक अशोक कुमार हुडिया, चुनाव अधिकारी अशोक छाबड़ा, लेखराज नागपाल, राजेश गुम्बर, कृष्णलाल सुधा, राजेश डावर व जसपाल डोगरा मौजूद थे। बताया कि गुरुवार 10 बजे से अपराह्न दो बजे तक नाम वापसी की प्रक्रिया को संपन्न कराया जाएगा। इसके बाद दो मार्च को सुबह आठ बजे से अपराह्न तीन बजे तक मतदान और मतगणना के बाद उसी दिन परिणाम घोषित किया जाएगा।
----------
महामंत्री पद के दावेदार फुटेला ने किया जनसंपर्क
व्यापार मंडल चुनाव की घोषणा होते ही महामंत्री पद के दावेदार दमखम के साथ मैदान में उतर गए। उन्होंने व्यापारियों से संपर्क कर अपने पक्ष में मतदान करने का अनुरोध किया। महामंत्री पद के दावेदार मनीष फुटेला ने व्यापारियों को अपने पक्ष में करने को जनसंपर्क किया। उन्होंने कहा कि वह व्यापारियों के साथ हमेशा कंधे से कंधा मिलाकर चलते हैं। व्यापारियों के लिए वह हमेशा खड़े मिलेंगे। नगर की सबसे बड़ी समस्या बाइपास है, इसे ठीक कराने के लिए वह किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं। उनके द्वारा उच्च न्यायालय में पीआइएल डाली गई है। उसका फैसला भी जल्द आ जाएगा। इस मौके पर रोहित सुदामा नरेश पसरिचा विकास भुसरी राकेश मक्कड़ मोहित शेरी सहित काफी संख्या में व्यापारी मौजूद थे।