कल्याणी नदी की सफाई को लोगों ने किया श्रमदान
रुद्रपुर में कल्याणी नदी स्थित धोबी घाट पर लोगों ने काफी समय तक सफाई अभियान चलाया।
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर : कल्याणी नदी स्थित धोबी घाट पर लोगों ने काफी समय तक सफाई अभियान चलाया। मेयर रामपाल सिंह ने भी सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों के साथ कल्याणी नदी की सफाई की। इस दौरान लोगों से नदी को स्वच्छ बनाने की अपील की गई। अभियान में रोटरी क्लब, सारथी फाउंडेशन व इनर व्हील क्लब के पदाधिकारी भी जुटे।
सोमवार को नदी किनारे बिखरे कचरे को साफ किया गया ताकि नदी के वास्तविक स्वरूप को लौटाया जा सके। सफाई में लोग काफी सहयोग कर रहे हैं। मेयर रामपाल सिंह ने कहा कि कल्याणी नदी की सफाई का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इस मुहिम को कमजोर नहीं पड़ने देंगे। इसमें जनसहभागिता लगातार बढ़ रही है। कल्याणी को स्वच्छ बनाने में पंत विवि के वैज्ञानिकों का भी सहयोग लिया जा रहा है। वैज्ञानिकों ने कल्याणी की स्वच्छता को लेकर कई सुझाव दिए हैं, जिन पर अमल करने की तैयारी की जा रही है। साथ ही सरकार से भी कल्याणी की स्वच्छता के लिए बजट स्वीकृत कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि दृढ़ संकल्प से कोई भी काम पूरा किया जा सकता है, लेकिन लक्ष्य बड़ा हो तो एकजुट होकर काम करने से परिणाम जल्दी सामने आते हैं। मेयर ने कहा कि कल्याणी की सफाई के लिए लोगों से नदी में कूड़ा न डालने की अपील की जा रही है।
सफाई अभियान में नगर आयुक्त रिकू बिष्ट, सहायक नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, सेनेटरी इंसपेक्टर अमित नेगी, भाजपा उत्तरी मंडल अध्यक्ष राकेश सिंह,पार्षद आयुष तनेजा, सुशील चौहान, निमिष शर्मा, शैलेंद्र रावत, गजेंद्र प्रजापति नगर निगम की ब्रांड अंबेसडर नीलम कोली, अनिल कुमार, अशोक कुमार अग्रवाल, सुनील सोनी, जगदीश बिष्ट आदि मौजूद थे।