ट्रू-नेट टेस्ट में पॉजिटिव निकली गर्भवती अस्पताल से भागी
शनिवार को ट्रांजिट कैंप निवासी एक गर्भवती महिला जिला अस्पताल में पॉजिटिव निकली तो वह अस्पताल से भाग गई।
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर : शनिवार को ट्रांजिट कैंप निवासी एक गर्भवती महिला जिला अस्पताल पहुंची थी। उसकी नियमों के अनुसार डॉक्टरों ने ट्रू-नेट मशीन से कोरोना जांच की। वह पॉजिटिव निकली। जिसकी जानकारी जैसे ही उसको हुई वह किसी तरह डॉक्टरों की आंख बचाकर वहां से भाग निकली। बाहर जाकर उसने एक निजी अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया। सीएमएस डॉ. टीडी रखोलिया ने बताया कि ट्रांजिट कैंप निवासी गर्भवती महिला के जिला अस्पताल में आने की जानकारी मिली थी। उसका कोरोना टेस्ट किया गया तो वह पॉजिटिव मिली। कुछ देर में उसको भर्ती किए जाने की प्रक्रिया चल ही रही थी कि वह भाग निकली। शहर में ही एक निजी अस्पताल में उसने एक बच्चे को जन्म दिया। किसी तरह इसकी जानकारी डॉक्टरों को हुई तो उसे यहां पर लाकर भर्ती कराया गया है।