गुरुद्वारा में सेवादार ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
जागरण संवाददाता रुद्रपुर गुरुद्वारा सिंह सभा के सेवादार ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर: गुरुद्वारा सिंह सभा के सेवादार ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इसका पता चलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस के मुताबिक आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है, इसके लिए मृतक का कमरा पुलिस ने जांच के लिए बंद कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक बुद्धपुरा, शीशगढ़, जिला बरेली निवासी 24 वर्षीय शमशेर सिंह पुत्र स्व. गुरमीत सिंह दो साल से शहर के मुख्य गुरुद्वारा सिंह सभा के रागी जत्थे में शामिल था। वह गुरुद्वारा में बने कमरे में रहता था। बुधवार की तड़के शमशेर ने अज्ञात कारणों के चलते कमरे में फंदे से लटककर जान दे दी। इसका पता चलते ही साथी सेवादारों ने गुरुद्वारा सिंह सभा के पदाधिकारियों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे सिंह सभा के पदाधिकारियों और सेवादारों ने शव फंदे से उतारकर जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर कोतवाल कैलाश भटट, बाजार चौकी प्रभारी होशियार सिंह पुलिस कर्मियों के साथ पहुंचे और जानकारी ली। पुलिस के मुताबिक मृतक तीन बहनों का एकलौता भाई था। पिता की मौत के बाद मां और बहनों की देखभाल वहीं करता था। बताया जा रहा है कि वह शबद कीर्तन के लिए विदेश जाने वाला था। कोतवाल कैलाश भटट ने बताया कि शमशेर ने फांसी लगाकर आत्महत्या की। आत्महत्या करने के कारणों की जांच की जा रही है।
इंसेट-
साथी सेवादारों ने देखा लटका
रुद्रपुर: पुलिस के मुताबिक रात डेढ़ बजे के आसपास सिब्बल सिनेमा रोड पर फर्नीचर की दुकान में आग लग गई थी। इस पर गुरुद्वारा में शमशेर के साथ रहने वाले साथी सेवादार आग देखने के लिए चले गए। जबकि शमशेर कमरे में ही रहा। आग बुझने पर दो बजे जब साथी सेवादार गुरुद्वारा पहुंचे तो उन्होंने शमशेद के कमरे का दरवाजा खटखटाया। दरवाजा न खुलने पर उन्होंने कमरे में झांका तो वह लटका हुआ था।