तेंदुए ने किया गार्ड पर हमला, बाल-बाल बचा
क्षेत्र में तेंदुए की दहशत बनी हुई है।
संवाद सूत्र, मझोला : क्षेत्र में तेंदुए की दहशत बनी हुई है। करीब सप्ताह भर पहले चीनी मिल परिसर में घुसा तेंदुआ अभी भी वहां डेरा डाले हुए है। इस बीच मंगलवार की रात चीनी मिल की सुरक्षा में तैनात गार्ड पर तेंदुए ने हमला बोल दिया। उसके साथियों के हो-हल्ला मचाने पर तेंदुआ भाग निकला। जिससे उसकी जान बच गई। इस पर चीनी मिल प्रबंधन ने वन विभाग के आला अधिकारियों को इसकी सूचना दी। जिस पर वनाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पग चिह्न लिए।
मझोला चीनी मिल परिसर में करीब एक सप्ताह पूर्व तेंदुआ घुस आया था। तब से वहां दहशत फैली हुई है। तेंदुआ अभी भी परिसर के अंदर ही मौजूद है। इस बीच मंगलवार की देर रात करीब 10.30 बजे फैक्ट्री के रात्रि गार्ड नौनीराम, श्याम लाल व काली चरण ड्यूटी पर थे। काली चरण दोनों से पीछे था। इसी दौरान तेंदुए ने उस पर हमला बोल दिया। उसकी चीनी-पुकार सुनकर दोनों साथियों ने हो-हल्ला मचाया। जिस पर तेंदुआ भाग गया। इस बीच चीनी मिल प्रबंधन ने इसकी सूचना वनाधिकारियों को दी। जिस पर डीएफओ संजीव कुमार तेवतिया रेंजर सतेंद्र चौधरी वन दारोगा देवऋषि चौधरी मौके पर पहुंचे। उन्होंने एक्सपर्ट की मदद से तेंदुए के पग चिह्न लिए। वहां पर कैमरे लगाने के भी तैयारी की जा रही है।