14 दिन होम क्वारंटाइन में रहेंगे 160 परिवार
कॉलोनी में एक व्यक्ति के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद प्रशासन ने 160 परिवारों के 800 लोगों को 14 दिन के लिए होम क्वारंटाइन कर दिया गया है।
संवाद सहयोगी, बाजपुर : कॉलोनी में एक व्यक्ति के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद प्रशासन ने 160 परिवारों के 800 लोगों को 14 दिन के लिए होम क्वारंटाइन कर दिया है। कॉलोनी में दहशत के कारण गुरुवार को सन्नाटा पसरा रहा और अफसरों की आवाजाही बनी रही। वहीं एएसपी राजेश भट्ट ने कहा कि कोई भी बिना इजाजत कॉलोनी के बाहर नहीं जा सकेगा। इमरजेंसी होने पर स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी की अनुमति पर ही संबंधित व्यक्ति बाहर जा सकेगा।
नगर पालिका क्षेत्र का 53 वर्षीय ट्रक परिचालक बुधवार को कोरोना पॉजिटिव मिला था। इससे प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। गुरुवार को पालिकाध्यक्ष गुरजीत सिंह गित्ते, ईओ जगदीश चंद्रा ने प्रशासन के आदेश पर पूरे मोहल्ले व आसपास के करीब आधा किमी एरिया को सैनिटाइज कराया। लोगों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो इसके लिए प्रशासन घर तक सामग्री पहुंचाने की व्यवस्था शुरू कर दी है।
.............
घरों से नहीं निकले लोग
मौत का भय किसे नहीं होता, जो लोग कल तक पुलिस के समझाने के बाद भी घरों में नहीं जा रहे थे वह आज अपने घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं जिसके चलते कॉलोनी में सन्नाटा छाया रहा। कॉलोनी में जगह-जगह बैरिकेडिंग कर दी गई है।
..........
चार पुलिस कर्मियों को भी एहतियातन किया होम क्वारंटाइन
पुलिस प्रशासन द्वारा परोक्ष या अपरोक्षक रूप से कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आए चार पुलिस कर्मियों को भी एहतियातन होम क्वारंटाइन किया गया है। बताया जाता है कि यह चारों पुलिस कर्मी किसी न किसी तरह से कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति के संपर्क में आए थे।
..........
चार दिन पूर्व बैंक गई थी मरीज की पत्नी
मोहल्लेवासियों के अनुसार कोरोना पॉजिटिव पाए गए व्यक्ति की पत्नी तीन-चार दिन पूर्व बुक्सा बाजार स्थित एसबीआइ बैंक की कृषि शाखा में पैसे निकालने गई थी। बताया जाता है कि इस दौरान वह कितने लोगों के संपर्क में आई होगी कहना मुश्किल है। हालांकि अभी तक महिला की जांच रिपोर्ट नहीं आई है।
..........
बस को भी किया सैनिटाइज
कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति के संपर्क में आए लोगों को सरकारी अस्पताल में जांच के बाद रुद्रपुर बस से ले जाया गया। वापस आने के बाद बस को पालिका कर्मियों ने सैनिटाइज किया।
.............
जनपद में 11 जगहों पर बने बैरिकेडिगों पर होती है स्क्रीनिग
एएसपी राजेश भट्ट ने बताया कि जनपद में 11 बार्डर क्षेत्र ऐसे हैं जहां से आवाजाही होती है। इन सभी जगहों पर बैरियर लगाए गए हैं, जहां स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ ही पुलिस प्रशासन का पहरा है। वैसे तो आवाजाही पूर्ण रूप से प्रतिबंधित है, लेकिन फिर भी आवश्यक वस्त़ुओं से संबंधित सामग्री लेकर आने-जाने वाले प्रत्येक वाहन के चालकों की एहतियात के तौर पर पूरी स्क्रीनिग की जाती है। उन्होंने बताया कि जनपदभर में 134 लिक मार्ग चिह्नित किए गए थे जहां एसपीओ की मदद से निगरानी रखी जा रही है।