विवाहिता की मौत, पिता ने हत्या का लगाया आरोप
संवाद सहयोगी, नई टिहरी : भिलंगना ब्लॉक के ग्राम कुंडी में बीती शनिवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस
संवाद सहयोगी, नई टिहरी : भिलंगना ब्लॉक के ग्राम कुंडी में बीती शनिवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। विवाहिता के मायके वालों ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है। मृतका का रविवार को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया।
शनिवार सुबह कुंडी गांव में 26 वर्षीय विवाहिता रुचि की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मृतका के पति ने उसकी मौत की खबर उसके परिजनों को दी। जिस पर मृतका के पिता विजय लाल व अन्य लोग उसके ससुराल पहुंच गये। सूचना पर राजस्व उपनिरीक्षक कामेश्वर प्रसाद भट्ट भी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। मृतका के पिता विजय लाल ने बताया कि पांच साल पूर्व उनकी बेटी का विवाह कुंडी गांव निवासी राजेश से हुआ था। छह माह तक तो सब कुछ ठीक चला, लेकिन उसके बाद मृतका का पति उसके साथ अक्सर मारपीट व गाली गलौज करता था। मृतका के पिता का कहना है कि शनिवार सुबह आठ बजे उसकी बेटी का फोन आया था, उसने बताया था कि उसके पति ने उसके साथ मारपीट की। इस पर पिता ने उसके ससुराल पहुंचने की बात कही, लेकिन बाद में दस बजे उसके पति का फोन आया कि उसकी बेटी की मौत हो गई। मृतका के पिता का कहना है कि उसकी बेटी की मौत नहीं हुई बल्कि उसकी हत्या की गई है। मृतका का पति पहले गांव में प्रहरी के पद पर कार्यरत था, जो आजकल बेरोजगार था। मृतका का एक लड़का और एक लड़की है। राजस्व उप निरीक्षक कामेश्वर प्रसाद भट्ट ने बताया कि शव का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी। अभी तक इस मामले में तहरीर नहीं दी गई है।