टिहरी झील महोत्सव के लिए बसाया जा रहा गांव
टिहरी झील महोत्सव में देश और दुनियाभर से आने वाले पर्यटकों के स्वागत के लिए कोटी कॉलोनी में गांव बसाया जा रहा है।
जागरण संवाददाता, नई टिहरी: टिहरी झील महोत्सव में देश और दुनियाभर से आने वाले पर्यटकों के स्वागत के लिए कोटी कॉलोनी में गांव बसाया जा रहा है। इस गांव में पर्यटकों को हर तरह से पहाड़ की संस्कृति के दर्शन होंगे।
सोमवार को टिहरी विधायक धन सिंह नेगी ने टिहरी झील महोत्सव के कार्यक्रम स्थल कोटी कॉलोनी का निरीक्षण किया। महोत्सव के लिए कृषि विभाग की ओर से एक गांव का मॉडल बनाया जा रहा है। खास बात यह है कि यहां गांव का लुक देने के लिए खेत भी बनाए जा रहे हैं, जहां पर फसल और सब्जियां भी उगाई जाएंगी। वहीं गांव के मवेशियों के लिए बाड़ा भी बनाया जा रहा है। यहां आने वाले पर्यटकों को गांव का पहाड़ी खाना भी उपलब्ध होगा। विधायक ने कहा कि कोटी कॉलोनी में टिहरी झील महोत्सव के तहत पहाड़ की संस्कृति के बारे में पर्यटकों को जानकारी देने के लिए कृषि विभाग की तरफ से यह गांव बसाया जा रहा है। इसके अलावा झील महोत्सव में गंगा आरती, एयरो, वाटर और एडवेंचर स्पोर्ट्स का आयोजन भी किया जाएगा। जिले के प्रतिभाशाली बच्चों के लिए गीत और नृत्य की प्रतियोगिता के अलावा पहाड़ी परिधानों का फैशन शो भी आयोजित किया जाएगा। आने वाले समय में टिहरी झील महोत्सव देश का प्रमुख महोत्सव बनकर उभरेगा। जिला कृषि अधिकारी जेपी तिवारी ने बताया कि महोत्सव के लिए तैयार किए जा रहे गांव में कई तरह की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
-----
भड्डू की दाल और भात होगा आकर्षण: कोटी में बनाए जा रहे गांव में पर्यटकों को पहाड़ी खाना परोसा जाएगा। इसमें भड्डू की दाल और भात के अलावा कंडाली की सब्जी, झंगोरे की खीर, चौंसा , फाणू, दाल के पकोड़े, पलर आदि पहाड़ी व्यंजन शामिल होंगे।