विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तराखंड के टिहरी में हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, मचा हड़कंप

By Lakhi Singh RawatEdited By: Nirmala Bohra
Published: Sat, 24 Oct 2026 10:40 AM (GMT+05:30)

नई टिहरी के बौराड़ी स्टेडियम में ट्रांस भारत एविएशन के एक हेलीकॉप्टर को तकनीकी खराबी के कारण आपातकालीन लैंडिंग करनी ...और पढ़ें

HighLights

  1. नई टिहरी में हेलीकॉप्टर की आपातकालीन लैंडिंग हुई

  2. तकनीकी खराबी के कारण बौराड़ी स्टेडियम में उतरा

  3. पायलट समेत सभी छह लोग पूरी तरह सुरक्षित

संवाद सहयोगी, नई टिहरी। नई टिहरी के बौराड़ी स्टेडियम में शनिवार सुबह करीब सवा सात बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब देहरादून के सहस्रधारा से गुप्तकाशी-केदारनाथ की ओर जा रहे ट्रांस भारत एविएशन के हेलीकप्टर को तकनीकी खराबी के चलते आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी।

हेलीकॉप्टर में सवार पायलट समेत सभी छह लोग सुरक्षित हैं। तकनीकी खराबी दूर करने के बाद हेलीकॉप्टर ने करीब 30 से 35 मिनट बाद दोबारा उड़ान भरी।

जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर सहस्रधारा से गुप्तकाशी-केदारनाथ की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसमें अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिसके चलते पायलट को बौराड़ी स्टेडियम में आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। जिस समय हेलीकॉप्टर ने स्टेडियम में लैंडिंग की, उस समय मैदान में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मार्निंग वाक कर रहे थे। साथ कई बच्चे भी मैदान में खेल रहे थे। अचानक हेलीकॉप्टर को मैदान में उतरता देख वहां मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।

लोग सुरक्षित स्थानों की ओर हट गए। गनीमत रही कि हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के दौरान कोई अप्रिय घटना नहीं हुई और न ही किसी के हताहत होने की सूचना है। आपातकालीन लैंडिंग के बाद पायलट ने हेलीकॉप्टर में आई तकनीकी खराबी की जांच की। इसके साथ ही फोन पर तकनीकी विशेषज्ञों से संपर्क कर समस्या को दूर करने के संबंध में बातचीत की गई।

करीब 30 से 35 मिनट तक स्टेडियम में रुकने के बाद तकनीकी खामी दूर होने पर हेलीकॉप्टर ने गुप्तकाशी-केदारनाथ के लिए दोबारा सफलतापूर्वक उड़ान भरी। स्टेडियम में सुबह के समय लोगों और बच्चों की मौजूदगी को देखते हुए हेलीकॉप्टर की आपातकालीन लैंडिंग से बड़ा हादसा होने की आशंका भी बन गई थी।

हालांकि, पायलट की सूझबूझ और सुरक्षित लैंडिंग के चलते सभी लोग सुरक्षित रहे। जिला आपदा प्रंबधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने बताया कि घटना करीब सवा सात बजे की ट्रांस भारत एविएशन के हेलीकप्टर में तकनीकी खराबी के चलते आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। हेलीकॉप्टर में पायलट सहित कुल छह लोग सवार थे।