विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तराखंड के टिहरी में दिल दहला देने वाली वारदात, मां की हत्या कर बेटा हुआ फरार

Published: Wed, 29 Jul 2026 08:44 PM (IST)

टिहरी के कोटी खास गांव में एक बेटे ने अपनी मां की सिर पर प्रहार कर हत्या कर दी और फरार हो गया।

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. बेटे ने मां डुग्गा देवी की सिर पर प्रहार कर हत्या की

  2. आरोपी अजय सिंह सजवाण वारदात के बाद मौके से फरार

  3. पुलिस ने आरोपी बेटे को मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया

जागरण संवाददाता, नई टिहरी। टिहरी के जाखणीधार ब्लाक की ग्राम पंचायत कोटी खास में बेटे ने सिर पर प्रहार कर मां की हत्या कर दी। इसके बाद वह फरार हो गया।

हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि बेटा मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है।

एक महीने पहले ही वह इंदौर से नौकरी छोड़कर आया था और कई-कई दिनों तक घर से गायब रहकर जंगलों में भटकता रहता था।

53 वर्षीय डुग्गा देवी (गुड्डी) पत्नी स्व. गुलाब सिंह अपने घर में अकेली रहती थीं। बुधवार सुबह काफी देर तक उसके बाहर न दिखाई देने पर ग्रामीणों को संदेह हुआ।

उन्होंने घर में जाकर देखा तो वह कमरे में मृत अवस्था में पड़ी मिलीं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फारेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए।

डुग्गा देवी के सिर पर चोट के गहरे निशान थे। ग्रामीणों ने बेटे अजय सिंह सजवाण पर ही हत्या का शक जाहिर किया।

पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि मृतका के भतीजे कृष्ण सजवान की तहरीर पर अजय सिंह सजवाण के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।

एसएसपी ने आरोपित की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया है। एसडीआरएफ और वन विभाग के सहयोग से संभावित स्थानों पर तलाश की जा रही है।

होटल में नौकरी करता था बेटा

ग्राम प्रधान कोटी खास करन सिंह ने बताया कि डुग्गा देवी का 32 वर्षीय बेटा अजय सिंह सजवाण विदेश से किसी होटल में नौकरी करता था।

एक वर्ष पहले लौटने के बाद वह इंदौर में एक होटल में नौकरी कर रहा था, लेकिन लगभग एक महीने पहले नौकरी छोड़कर वह गांव लौट आया था।

उसकी पत्नी और दो बच्चे श्रीनगर में किराये के मकान में रहते हैं। छोटा भाई दुबई में होटल में नौकरी करता है। बहन की शादी हो गई है।

यह भी पढ़ें- टिहरी का केतन हत्याकांड: नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपित दिवाकर गिरफ्तार

यह भी पढ़ें- टिहरी: गैर इरादतन हत्या में बस चालक को एक वर्ष का कारावास, अर्थदंड भी लगाया