खेल मैदानों पर वन विभाग का रोड़ा
संवाद सहयोगी, नई टिहरी: सड़क ही नहीं कुछ खेल मैदानों पर भी वन विभाग का रोड़ा अटका
संवाद सहयोगी, नई टिहरी: सड़क ही नहीं कुछ खेल मैदानों पर भी वन विभाग का रोड़ा अटका है। वन भूमि के चलते यह खेल मैदान लंबे समय बाद भी विकसित नहीं हो पाए हैं। इससे खिलाड़ियों को मैदानों का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इधर,विभाग का कहना है कि इसके लिए प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही समस्या का समाधान भी होगा।
अभी तक तो केवल वन अधिनियम में सड़कों के ही मामले प्रकाश में आते थे, लेकिन खेल मैदान भी इससे अछूते नहीं हैं। जिले के चंद्रबदनी, घुमेटीधार व बादशाहीथौल स्थित बंगाचली खेल मैदान में वन भूमि आने से लंबे समय से इनका निर्माण कार्य अटका पड़ा है। चंद्रबदनी और बादशाहीथौल में तो थोड़ा बहुत खेलों का आयोजन भी होता है, लेकिन घुमेटीधार के मैदान में अभी तक खेल गतिविधियां भी शुरू नहीं हो पाई हैं। भिलंगना प्रखंड की ब्लाकस्तरीय खेल गतिविधियां घुमेटीधार में ही आयोजित होती है, लेकिन यहां पर अभी तक खेल मैदान नहीं होने के कारण खिलाड़ियों को सड़क पर दौड़ना पड़ता है। भिलंगना जिले का सबसे बड़ा प्रखंड है, यहां पर पहले ही खेल मैदानों की कमी है। इसके बावजूद घुमेटीधार का खेल मैदान वन अधिनियम के कारण विकसित नहीं हो पाया है, जिससे इस खेल मैदान का अभी तक उपयोग नहीं हो पा रहा है। खिलाड़ियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवाड़ी का कहना है कि इस मामले में लगातार प्रयास किया जा रहा है और उम्मीद है कि जल्द ही इसका निस्तारण हो जाएगा। खेल मैदान के लिए इस्टीमेट बनाकर भी भेजा गया है।