टिहरी जेल में बंद रूसी नागरिक ने की भूख हड़ताल, अस्पताल में भर्ती
अवैध रूप से भारत में रहने के आरोप में गिरफ्तार रूसी नागरिक सेरगुए रज्जाजेव ने जेल में भूख हड़ताल कर दी है। हालत बिगड़ने पर उसे टिहरी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
नई टिहरी, [जेएनएन]: अवैध रूप से भारत में रहने के आरोप में गिरफ्तार रूसी नागरिक सेरगुए रज्जाजेव ने जेल में भूख हड़ताल कर दी है। हालत बिगड़ने पर उसे टिहरी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने चिकित्सकों को धमकी दी कि अगर उसे जबरन खाना खिलाया गया तो वह आत्महत्या कर लेगा। गौरतलब है कि उसे एक जुलाई को उत्तरकाशी जिले के डामटा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया था।
टिहरी के प्रभारी जेलर आरएस राणा ने बताया कि सेरगुए को दो जुलाई को टिहरी जेल लाया गया था। जेलर के अनुसार सेरगुए ने बातचीत में बताया था कि वह 1999 में भारत आया था। वर्ष 2003 में उसका वीजा खत्म हो गया, लेकिन वह अपने देश नहीं लौटा। तीन जुलाई से उसने खाना छोड़ दिया और सिर्फ पानी पी रहा है। इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी गई। पांच जुलाई को तबियत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अंग्रेजी के अलावा टूटी-फूटी हिंदी में बातचीत करते हुए सेरगुए ने बताया कि 'मेरे पास किसी भी देश की नागरिकता नहीं है। मैं 18 साल से भारत में रह रहा हूं। मैंने शरणार्थी के तौर पर रहने के लिए आवेदन किया हुआ है, लेकिन सरकार की ओर से अभी तक कोई जवाब नहीं आया।' बताया कि उसने रूसी दूतावास को मेल पर अपनी गिरफ्तारी की सूचना भेजी है।
सेरगुए को दूतावास के जवाब की प्रतीक्षा है। चिकित्सकों के अनुसार वह बार-बार कह रहा है कि जब तक दूतावास से जवाब नहीं आ जाता तब तक वह खाना नहीं खाएगा। सेरगुए का उपचार कर रही डॉ. विनीता ने बताया कि उसकी हालत अभी ठीक है। शनिवार सुबह उसने व्यायाम भी किया। इस दौरान वह हरे राम का उच्चारण करता रहा। गौरतलब है कि सेरगुए 15 अप्रैल को डामटा पहुंचा और टेंट डालकर सुनसान इलाके में रह रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार विदेशी खेतीबाड़ी में उनकी मदद कर देता था। इस पर वे लोग उसे खाना दे देते थे।
यह भी पढ़ें: बिना पासपोर्ट-वीजा के रह रहा रसियन नागरिक गिरफ्तार
यह भी पढ़ें: पहले से था नेपाल का पासपोर्ट, बनवा रहा था भारत का; आया पकड़ में
यह भी पढ़ें: अफगान मूल के एक व्यक्ति ने बनाया पासपोर्ट, पुलिस ने किया गिरफ्तार