विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देवप्रयाग संस्कृत विश्वविद्यालय के शिक्षक ने छात्राओं से की छेड़खानी, पोक्सो एक्ट में केस दर्ज

Published: Sat, 26 Sep 2026 10:36 AM (IST)

देवप्रयाग स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के शिक्षक डॉ. सूर्यमणि भंडारी पर दो छात्राओं से छेड़खानी का आरोप लगा है। पुलिस ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, नई टिहरी। देवप्रयाग स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के श्री रघुनाथ कीर्ति परिसर में दो छात्राओं के साथ कथित अश्लील हरकत और छेड़खानी का मामला सामने आया है।

एक नाबालिग और एक बालिग छात्रा से अमर्यादित व्यवहार के आरोप में थाना बाहबाजार पुलिस ने विश्वविद्यालय परिसर के शिक्षक डा. सूर्यमणि भंडारी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पोक्सो एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, विवि प्रशासन ने जांच पूरी होने तक आरोपी शिक्षक को निलंबित कर दिया है।

शिक्षक निलंबित

पुलिस के अनुसार, घटना बीते 22 अगस्त की बताई गई है। मामले में संस्थान प्रभारी की ओर से 21 सितंबर को थाने में शिक्षक के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शिक्षक ने एक नाबालिग और एक बालिग छात्रा के साथ अमर्यादित व्यवहार करते हुए छेड़खानी की। घटना सामने आने के बाद संस्थान स्तर पर आंतरिक जांच शुरू की गई थी।

इसी प्रक्रिया के चलते पुलिस को शिकायत देने में करीब एक माह का समय लगा। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। जांच अधिकारी एसएसआइ अनीता नेगी ने बताया कि प्रकरण में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जा रही है।

उन्होंने बताया कि पोक्सो एक्ट के तहत सात वर्ष से कम सजा वाले प्रावधानों में गिरफ्तारी के संबंध में विधिक प्रक्रिया का पालन किया जा रहा है। थाना बाहबाजार प्रभारी निरीक्षक अमरजीत ने बताया कि विवि परिसर के शिक्षक के खिलाफ परिसर निदेशक की ओर से छात्राओं से बैड टच मामले में लिखित तहरीर दर्ज कराई गई थी। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों की जांच कर रही है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए विवि प्रशासन ने आरोपित शिक्षक डा. सूर्यमणि भंडारी को जांच पूरी होने तक तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। संस्थान निदेशक पीबीवी सुब्रमण्यम ने बताया कि निष्पक्ष जांच प्रक्रिया प्रभावित न हो, इसके लिए शिक्षक को फिलहाल गेस्ट हाउस में स्थानांतरित किया गया है। विवि स्तर पर भी मामले की जांच प्रक्रिया जारी है।