विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'आपसे बोला तो जा नहीं रहा... गाना क्या गाएंगे', मंत्री ने दलेर मेहंदी को मंच पर ही फटकारा; VIDEO वायरल

By Satender DandriyalEdited By: Rahul Chauhan
Published: Mon, 19 Oct 2026 05:02 PM (IST)

नरेंद्रनगर के कुंजापुरी मेले में दलेर मेहंदी के लाइव कंसर्ट में डबिंग को लेकर विवाद हो गया, जिससे हजारों दर्शक ...और पढ़ें

HighLights

  1. दलेर मेहंदी के कंसर्ट में डबिंग पर दर्शकों का आक्रोश।

  2. मंत्री सुबोध उनियाल ने मंच पर ही जताई कड़ी नाराजगी।

  3. पुलिस और आयोजकों ने व्यवस्था सुधारकर माहौल शांत किया।

संवाद सहयोगी जागरण, नई टिहरी। नरेंद्रनगर के प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की बीती रात की सांस्कृतिक संध्या में उस समय बड़ा विवाद खड़ा हो गया, जब बालीवुड गायक और पाप स्टार दलेर मेहंदी के लाइव कंसर्ट में बैकग्राउंड साउंड ट्रैक (डबिंग) का मामला सामने आया।

दलेर मेहंदी को लाइव सुनने पहुंचे हजारों दर्शकों को उस वक्त भारी निराशा हाथ लगी जब मंच पर केवल दो गाने गाने के बाद पीछे से दूसरे लोगों द्वारा गाना गाए जाने की आवाज आने लगी। इस पूरे प्रकरण से जहां स्थानीय जनता भड़क गई, वहीं मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने खुद मंच पर जाकर सीधे दलेर मेहंदी के सामने अपनी तीखी नाराजगी व्यक्त की।

बीते रविवार मेले की मुख्य सांस्कृतिक संध्या के मुख्य आकर्षण दलेर मेहंदी थे और पंडाल में उनके चाहने वालों का भारी हुजूम उमड़ा हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दलेर मेहंदी ने मंच पर आकर शुरुआत में एक-दो गाने गाए, लेकिन उसके ठीक बाद मंच पर उनके पीछे से किसी और की आवाज का साउंड (ट्रैक) आने लगा।

इस धोखे को देखकर कार्यक्रम सुनने आए स्थानीय लोगों ने भारी नाराजगी व्यक्त की। जब बैकग्राउंड साउंड ट्रैक बजने के कारण जनता में गुस्सा और शोर बढ़ने लगा, तो मुख्य अतिथि और क्षेत्रीय कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल खुद को रोक नहीं पाए।

वे तुरंत मंच पर दलेर मेहंदी के बिल्कुल करीब पहुंचे और परफार्मेंस के बीच में ही उन्हें रोककर सीधे आपत्ति दर्ज कराई। मंत्री सुबोध उनियाल ने बेहद कड़े शब्दों में दलेर मेहंदी से कहा कि नरेंद्रनगर की जनता यहां आपको लाइव सुनने आई है, न कि पीछे से बज रही डबिंग या किसी और की रिकार्डेड आवाज पर आपको केवल एक्टिंग करते देखने।

यह इस ऐतिहासिक मेले के मंच और देवभूमि के दर्शकों की भावनाओं का अपमान है। मंत्री की इस सीधी टोक के बाद कुछ देर के लिए मंच पर सन्नाटा पसर गया। मंच पर मचे घमासान और दर्शकों के भारी आक्रोश के बीच पंडाल में अफरा-तफरी और हंगामे की स्थिति पैदा हो गई थी।

इस बीच पुलिस की बहुत बड़ी और सराहनीय भूमिका रही। पुलिस प्रशासन ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए सूझबूझ का परिचय दिया। पुलिस के अधिकारियों और जवानों ने कड़ी मशक्कत कर माहौल को बिगड़ने से बचाया और हर एक चीज को अच्छे से व्यवस्थित करके अपनी जिम्मेदारी को बखूबी निभाया।

कैबिनेट मंत्री की सख्त हिदायत, पुलिस की मुस्तैदी और पर्दे के पीछे मचे घमासान के बाद आयोजकों और तकनीकी टीम ने तुरंत व्यवस्था को सुधारा। जब सब कुछ सही हो गया, तो माहौल एक बार फिर पूरी तरह बदल गया।

दलेर मेहंदी की लाइव प्रस्तुति और डीजे की धमाकेदार आवाज व गानों की धुन पर दर्शकों का उत्साह सातवें आसमान पर पहुंच गया। शुरुआत में नाराजगी जताने वाले दर्शकों और युवाओं ने बाद में पंडाल में जमकर नाच-गाना किया।

दलेर मेहंदी के सुपरहिट गानों पर देर रात तक दर्शक झूमते रहे, जिससे शुरुआत में फीकी पड़ती दिख रही सांस्कृतिक संध्या अंततः एक यादगार और धमाकेदार रात में तब्दील हो गई।

यह भी पढ़ें- बदलेगा उत्तराखंड की ऐतिहासिक टिहरी रामलीला का स्वरूप, लेजर की रोशनी में गूंजेंगे भक्ति के सुर

यह भी पढ़ें- 'वन स्टेट, वन ग्लोबल डेस्टिनेशन': टिहरी झील को अंतरराष्ट्रीय टूरिज्म हब बनाने के लिए बनेगा 8 हजार हेक्टेयर का मास्टर प्लान