दूल्हा हुआ अचानक बीमार, दुल्हन ने शादी से कर दिया इन्कार
टिहरी मेंं एक बरात जैसे ही दुल्हन के घर पहुंची तो दूल्हा अचानक बीमार हो गया। दूल्हे को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, जिसके बाद दुल्हन ने शादी करने से इंकार कर दिया।
लंबगांव, टिहरी [जेएनएन]: उत्तरकाशी स्थित डुंडा तहसील के चैडियाट गांव से दुल्हन लेने मुखमाल गांव पहुंची बरात को दुल्हन के बिना ही लौटना पड़ा। बरात जैसे ही दुल्हन के घर पहुंची तो दूल्हा अचानक बीमार हो गया। दूल्हे को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, जिसके बाद दुल्हन ने शादी करने से इंकार कर दिया।
उत्तरकाशी जिले के डुंडा तहसील के चैडियाट गांव निवासी एक युवक की बरात बीती शाम को प्रतापनगर क्षेत्र के मुखमाल गांव पहुंची थी। मुखमाल गांव निवासी प्रताप सिंह राणा ने बताया कि चैडियाट गांव से जब बरात चली तो रास्ते में दूल्हे की तबीयत खराब होने लगी थी। इस पर बराती उसे निजी वाहन से उपचार के लिए घौंतरी ले गए। डॉक्टर की सलाह पर बराती दूल्हे को टीएचडीसी की ओर से संचालित स्वास्थ्य केंद्र हेरवाल गांव ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे आक्सीजन दी। आक्सीजन से दूल्हे की हालत में थोड़ा सुधार आया और बरातियों ने फैसला किया कि शादी होने के बाद उसका सही तरीके से उपचार कराएंगे।
बरातियों की बात पर डॉक्टरों ने एंबुलेंस में दूल्हे को ऑक्सीजन के साथ मुखमाल गांव भेज दिया। पता चला कि दुल्हन का घर सड़क से दूर है, इस पर दुल्हन को वहीं बुलाकर मंदिर में ही शादी रचाने की तैयारी की गई। दूल्हे को बीमार जानकर दुल्हन पक्ष के लोगों ने शादी से ही इन्कार कर दिया और कहा कि पहले दूल्हे को उपचार की जरूरत है। इस पर दूल्हे पक्ष के लोग बिना दुल्हन के ही घर लौट गए।
यह भी पढ़ें: यहां हुर्इ अनोखी शादी, शराब की जगह बरातियों को परोसा गया ये ड्रिंक
यह भी पढ़ें: अब गैरी ब्राह्मणों के गांव में शादी में नहीं परोसी जाएगी शराब