उत्तराखंड के टिहरी में गदेरा में बहा सात वर्षीय बालक, एक किमी दूर नदी से मिला शव
घनसाली के दोणी गांव में मंगलवार शाम खेलते समय गदेरे के तेज बहाव में बहे सात वर्षीय बालक आरव का शव बुधवार सुबह नदी से बरामद कर लिया गया।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, नई टिहरी। तहसील घनसाली के ग्राम दोणी के पास मंगलवार शाम खेलते समय गदेरा के तेज बहाव में बहे सात वर्षीय बालक का शव बुधवार सुबह नदी से बरामद कर लिया गया। घटना के बाद से ही थाना घनसाली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम रातभर खोज एवं बचाव अभियान में जुटी रही।
ग्राम दोणी निवासी आरव (7) पुत्र अरविंद मंगलवार शाम गांव के पास खेल रहा था। इसी दौरान वह गदेरा के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। बालक के गदेरा में बहने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी।
इसके बाद थाना घनसाली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और गदेरा व नदी क्षेत्र में खोज अभियान चलाया। रातभर तलाश के बाद बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर नदी से बालक का शव बरामद हुआ। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
