विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

टिहरी गढ़वाल में दूषित खाना खाने से 35 लोग हुए फूड प्वॉइजनिंग का शिकार, अस्पताल में भर्ती

Published: Fri, 17 Apr 2026 06:32 AM (IST)

चंबा के ढरसाल गांव में एक शादी समारोह में दूषित भोजन/पानी के सेवन से 35 मेहमान बीमार पड़ गए। सभी ...और पढ़ें

जिला अस्पताल में भर्ती फूड प्वाइजनिंग का शिकार हुए लोगों से बातचीत करते सीएमएस डॉ. अमित राय

जिला अस्पताल में भर्ती फूड प्वाइजनिंग का शिकार हुए लोगों से बातचीत करते सीएमएस डॉ. अमित राय

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, नई टिहरी। विकासखंड चंबा के ढरसाल गांव में बीते 13 व 14 अप्रैल को आयोजित एक शादी समारोह में दूषित खाना खाने से 35 मेहमान फूड प्वॉइजनिंग का शिकार होकर बीमार पड़ गए। फूड प्वॉइजनिंग के शिकार सभी बीमार लोगों का उपचार जिला अस्पताल बौराड़ी में कराया गया है। जहां से उपचार के बाद 22 लोगों को छुट्टी दे दी गई है, जबकि अन्य 13 लोग उपचाराधीन हैं।

दरअसल, टिहरी जनपद में विकासखंड चंबा के ढरसाल गांव निवासी अमरदेव बेलवाल की पुत्री शिवानी बेलवाल का विवाह समारोह बादशाहीथौल स्थित होटल गणपति पैलेस में बीते 13 और 14 अप्रैल को आयोजित किया गया था। इस विवाह समारोह में दूषित खाना खाने से यहां आए कुल 35 मेहमान फूड प्वॉइजनिंग का शिकार हो गए और सभी को उल्टी और दश्त की शिकायत होने लगी।

जिसके चलते 15 मरीजों को बीते बुधवार को और 20 मरीजों को गुरूवार को जिला अस्पताल बौराड़ी में भर्ती कराया गया। इनमें अधिकांश ग्रामीण महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमित राय ने बताया कि 15 लोगों को बुधवार और 20 लोग गुरुवार को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है।

इनमें 22 लोगों की स्थिति सामान्य होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। जबकि 13 लोग अभी भी उपचाराधीन है, जिन्हें सामान्य होने पर छुट्टी दी जाएगी। फिलहाल संबंधित सभी लोग खतरे से बाहर हैं। अस्पताल में भर्ती मरीजों में महिलाओं की संख्या अधिक है।

सीएमएस ने बताया कि मरीजों से बातचीत के आधार पर प्रथम दृष्टतया फूड प्वॉइजनिंग का कारण दूषित पानी का सेवन प्रतीत हो रहा है। बीमार हुए सभी लोगों ने कामन रूप से पानी का सेवन किया था। ढरसाल गांव के प्रधान बुद्धि प्रसाद भट्ट ने बताया कि बीते 13 अप्रैल को शादी समारोह में मेहंदी की रात को दूषित पानी पीने से ग्रामीण बीमार हुए हैं।

जिससे लोगों को सिर दर्द, उल्टियां व दश्त की शिकायत हुई है। जिसके चलते कुल 35 ग्रामीणों को जिला अस्पताल में उपचार के लिए लाया गया है। बताया कि बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने पर राजकीय आरोग्य केंद्र बादशाहीथौल की ओर से गांव में गुरूवार को कैंप लगाया गया। जिसमें लोगों की स्वास्थ्य जांच कर दवाइयां वितरित की गईं हैं।


बादशाहीथौल में आयोजित विवाह समारोह में फूड प्वाइजनिंग से बीमार हुए लोगों से गहन पूछताछ में दूषित पानी के सेवन की जानकारी सामने आ रही है। टीम की ओर से बीते बुधवार को ही मौके पर जाकर गहन जांच की गई। इस दौरान भी दूषित पानी का सेवन किए जाने के ही प्रमाण मिले हैं। जिसको लेकर प्रशासन की ओर से जांच की जा रही है। 

                                    प्रमोद रावत, अभिहित अधिकारी, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन, टिहरी।