ग्रामीण क्षेत्र में भी बढ़ रहा करवा चौथ का चलन
संवाद सहयोगी रुद्रप्रयाग पति की लंबी उम्र के लिए रखे जाने वाले करवा चौथ व्रत को लेकर पहाड़
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग: पति की लंबी उम्र के लिए रखे जाने वाले करवा चौथ व्रत को लेकर पहाड़ के गांवों में नई पीढ़ी की सुहागिन महिलाएं बेसब्री से इंतजार करती हैं। शादी के बाद पहली बार करवा चौथ व्रत नई नवेली दुल्हन व युवा पीढ़ी की सभी महिलाओं का इस व्रत के प्रति लगातार रुझान बढ़ रहा है, हालांकि पहाड़ के गांव में अधेड़ व बुजर्ग महिलाओं में इस व्रत के प्रति खास उत्साह नहीं है। व्रत को लेकर जिला मुख्यालय समेत पूरे जिले में बाजारों में दिनभर महिलाओं की भीड़ जुटी रही।
पहाड़ में भी अब करवाचौथ के व्रत को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। पहले महिलाओं को करवाचौथ व्रत के बारे में कोई जानकारी नहीं थी, लेकिन अब नई पीढि़यां टीवी, समाचार पत्रों में लगातार इस व्रत के प्रति बढ़ रहे रुझान का असर इन पर साफ देखा जा सकता है। अब पहाड़ के दूरस्थ गांव की महिलाएं व्रत को लेकर काफी संजीदा हो गई हैं। नई पीढ़ी की शत प्रतिशत महिलाएं इस व्रत को ले रही हैं। जनपद के जवाड़ी की नई नवेली दुल्हन मीनाक्षी देवी व रौठिया की वंदना देवी बताती हैं कि 24 अक्टूबर को होने वाले करवाचौथ व्रत का बेसब्री से इंतजार कर रही है। शादी के बाद पहली बार वह करवाचौथ व्रत लेंगी, और अपने पति की लंबी उम्र की कामना करेंगी। नई पीढ़ी में खास तौर पर इस व्रत के प्रति काफी उत्साह है। व्रत क्योंकि पति के प्रति समर्पित है, इसलिए लगातार महिलाएं आकर्षित हो रही हैं।
इधर, करवाचौथ व्रत से एक दिन पहले शनिवार को जिला मुख्यालय में पूजा-अर्चना व श्रृंगार का सामान खरीदने के लिए दिनभर महिलाओं की भीड़ उमड़ी रही। इसके अलावा महिलाओं ने नई-नई साड़ियां एवं ज्वैलर्स की दुकानों पर काफी भीड़ लगी रही। बाजार में भीड़ बढ़ने से व्यापारियों को अच्छी आमदनी हुई। जिला मुख्यालय के साथ ही तिलवाडा, अगस्त्यमुनि, चंद्रापुरी, ऊखीमठ, गुप्तकाशी, फाटा, मयाली, जखोली, चोपड़ा, चोपता समेत कई स्थानों पर भी महिलाओं की भीड़ बाजारों में देखी गई। करवाचौथ व्रत पर महिलाएं चंद्रमा की पूजा के साथ ही अपने पति की पूजा करते हुए पति के हाथ जल व प्रसाद लेकर व्रत तोड़ती हैं।