केदारनाथ के लिए दूसरे चरण की हेली सेवा शुरू, इतनी कपंनिया दे रही सेवा
केदारनाथ के लिए दूसरे चरण की हेली सेवा शुरू हो गर्इ है। अभी तीन कंपनियों ने यहां सेवा देनी शुरू की है।
रुद्रप्रयाग, [जेएनएन]: बरसात के बाद केदारनाथ धाम के लिए दूसरे चरण की हेली सेवाएं शुरू हो गई हैं। फिलहाल तीन हेली कंपनियों ने सेवाएं देनी शुरू की हैं। हालांकि, अभी भी केदारनाथ धाम का मौसम पूरी तरह हेली सेवाओं के अनुकूल नहीं हुआ है। बावजूद इसके 15 सितंबर से नियमित सेवाएं संचालित होने की उम्मीद की जा रही है।
जून के आखिर में मौसम का मिजाज प्रतिकूल होने के साथ ही यात्रियों की संख्या में गिरावट आने के कारण हर साल केदारनाथ के लिए हेली सेवाएं बंद कर दी जाती हैं। केदारनाथ में हर साल दो चरण में हेली सेवाएं संचालित होती हैं। प्रथम चरण में यात्र शुरू होने से जून के आखिर तक और फिर बरसात समाप्त होने के बाद सितंबर के प्रथम सप्ताह से धाम के कपाट बंद होने तक।
इस सीजन भी शुक्रवार से दूसरे चरण की हेली सेवाएं शुरू हुई। हेली सेवा के नोडल अधिकारी सुरेंद्र पंवार ने बताया कि फिलहाल नाला (नारायणकोटी) हेलीपैड से आर्यन, चारधाम (गुप्तकाशी) हेलीपैड से ऐरोक्राप्ट व सेरसी (फाटा) हेलीपैड से हिमालय हेली कंपनी हवाई सेवाओं का संचालन कर रही है। इससे हेली सेवा से बाबा के दर्शन करने वालों को काफी राहत मिलेगी।
उधर, पवनहंस कंपनी भी केदारनाथ के लिए जल्द अपनी सेवाएं शुरू करेगी। कंपनी के हेलीकॉप्टर दो-एक दिन में केदारघाटी पहुंच जाएंगे। विदित हो कि प्रथम चरण में केदारनाथ धाम के लिए 13 हेली कंपनियों ने अपनी सेवाएं दी थी।
यह भी पढ़ें: हवा पर सवार होकर कर सकेंगे हेमकुंड साहिब और मसूरी की सैर
यह भी पढ़ें: दुनिया का सबसे ऊंचा ये ट्रैक बन रहा रोमांच के शौकीनों की पसंद, जानिए
यह भी पढ़ें: यहां 11 हजार फीट की ऊंचाई पर बनेगा कांच का पुल, हवा में तैरेंगे आप