तीर्थ पुरोहितों से आंदोलन समाप्त करने की अपील
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग: पूर्व दायित्वधारी व भाजपा नेता अजेंद्र अजय ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धाम
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग: पूर्व दायित्वधारी व भाजपा नेता अजेंद्र अजय ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से चारधाम देवस्थानम बोर्ड को लेकर उच्च स्तरीय समिति गठित करने के बाद तीर्थ पुरोहितों व हक-हकूकधारियों से अपना आंदोलन समाप्त करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने वार्ता के द्वार खोले हैं, तीर्थ पुरोहित अपनी बात सरकार के समक्ष रखें।
केदार घाटी के भ्रमण के दौरान अजेंद्र ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी उत्तराखंड चारधाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड के मसले पर गंभीर हैं। देवस्थानम बोर्ड को लेकर किसी भी पक्ष की शंका दूर करने और सकारात्मक सुझावों के लिए मुख्यमंत्री ने उच्च स्तरीय समिति गठित करने की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि बीते दिनों मुख्यमंत्री के केदार घाटी के प्रस्तावित दौरे के दौरान तीर्थ पुरोहितों व हक हकूक धारियों से वार्ता भी प्रस्तावित थी, लेकिन प्रदेश के कुछ स्थानों पर आई आपदा के कारण मुख्यमंत्री का भ्रमण रद हो गया था।
भाजपा के पूर्व प्रदेश मीडिया प्रभारी रहे अजेंद्र ने कहा कि उच्च स्तरीय समिति के गठन की घोषणा से यह भी स्पष्ट है कि मुख्यमंत्री धामी का इस विषय पर रुख पूरी तरह सकारात्मक है। लिहाजा, तीर्थ पुरोहितों को अपना आंदोलन समाप्त कर देना चाहिए। वहीं भाजपा नेता अजेंद्र ने केदारघाटी के ऊखीमठ, गुप्तकाशी, फाटा, रामपुर, गौरीकुंड, त्रियुगीनारायण आदि स्थानों का भ्रमण किया और जन समस्याओं को सुना। उन्होंने मौके से ही अधिकारियों को फोनकर कई समस्याओं का निस्तारण भी किया। उन्होंने त्रियुगीनारायण में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की मांग को लेकर धरना दे रहे ग्रामीणों से भी बातचीत की। भ्रमण के दौरान उनके साथ विभिन्न स्थानों पर ऊखीमठ नगर पंचायत के अध्यक्ष विजय राणा, भाजपा पूर्व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जयंती कूर्मांचली, महिला मोर्चा की जिला महामंत्री सुमन जमलोकी, विजय जमलोकी, पवन राणा आदि भी रहे।